फीचर्ड
राजनीति
राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होंगे सोनभद्र के प्रतिनिधि
नक्सल प्रभावित रहे तीन जिलों से 137 लोग गुजरात रवाना होंगे, 29 अक्टूबर को वाराणसी से खुलेगी ट्रेन
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र। गृह मंत्रालय, भारत सरकार की नक्सल मुक्त भारत थीम के तहत 31 अक्टूबर को गुजरात में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड-2026 में वाराणसी जोन के 137 आमंत्रित अतिथि शामिल होंगे। इनमें सोनभद्र, मीरजापुर और चंदौली के लोग भी शामिल हैं। ये सभी 29 अक्टूबर को वाराणसी से गुजरात के लिए रवाना होंगे।
कार्यक्रम के लिए अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा को राज्य नोडल अधिकारी तथा तीनों जिलों के जिलाधिकारियों को सह-नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। भारत के पूर्व नक्सल प्रभावित 126 जनपदों के संदर्भ में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नक्सल मुक्त भारत की दिशा में एकता और जागरूकता को बढ़ावा देना है।
अधिकारियों की टीम भी रहेगी साथ
आमंत्रित अतिथियों की सुरक्षा और समन्वय के लिए प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी भी साथ जाएंगे। इनमें दो उपजिलाधिकारी, एक पुलिस उपाधीक्षक, एक तहसीलदार, दो नायब तहसीलदार, तीन निरीक्षक, एक खंड विकास अधिकारी तथा तीन मुख्य आरक्षी/आरक्षी और एक लेखपाल शामिल हैं।
वाराणसी स्टेशन से होगा रवाना
29 अक्टूबर को सुबह पांच बजे वाराणसी जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-9 पर विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा। अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा आमंत्रित अतिथियों का माल्यार्पण कर हरी झंडी दिखाएंगे और ट्रेन संख्या 20904, एकता नगर महामना एक्सप्रेस से उन्हें रवाना करेंगे।कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दल 31 अक्टूबर को एकता नगर से प्रस्थान करेगा और दो नवंबर को वापस पहुंचेगा।


Comments