नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
सपा का पांचों सीटें जीतने का संकल्प, छात्राओं की पढ़ाई मुफ्त और कामगारों को आवास देने का ऐलान
महमूद की पुण्यतिथि पर सपा का 2027 मिशन: पीडीए सेमिनार में भाजपा सरकार पर सपा का हमला, सफाई व्यवस्था, महंगाई और बेरोजगारी को बनाया मुद्दा
कानपुर। समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कानपुर में अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज करने के संकेत दिए हैं। सपा महानगर के संस्थापक अध्यक्ष एवं नगर निगम में पार्षद दल के पूर्व नेता स्वर्गीय हाजी सैय्यद महमूद की 29वीं पुण्यतिथि पर आयोजित पीडीए सेमिनार में पार्टी नेताओं ने महानगर की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने और प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान छात्राओं की स्नातक तक शिक्षा मुफ्त कराने और आवासहीन कामगारों को आवास उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई।
शुक्रवार को आयोजित श्रद्धांजलि एवं पीडीए सेमिनार में सपा के 78 वार्डों के पदाधिकारियों, व्यापारियों, कामगारों, छोटे दुकानदारों और विभिन्न फ्रंट संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। 470 मलिन बस्तियों से जुड़े प्रमुख लोगों की भागीदारी भी कार्यक्रम का हिस्सा रही। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय हाजी सैय्यद महमूद के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया।
सपा प्रदेश सचिव केके शुक्ल ने कहा कि हाजी सैय्यद महमूद ने महानगर के 110 वार्डों में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का काम किया था। मुलायम सिंह यादव के आह्वान पर उनके नेतृत्व में चलाए गए 15 दिवसीय हल्ला बोल आंदोलन की सफलता पर तत्कालीन पार्टी नेतृत्व ने उन्हें सम्मानित किया था। उन्होंने कहा कि नगर निगम एक्ट और स्थानीय निकायों के नियमों पर उनकी गहरी पकड़ थी।
महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने कहा कि पुण्यतिथि पर जुटे कार्यकर्ताओं का उत्साह पार्टी की संगठनात्मक सक्रियता को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में कानपुर की पांचों विधानसभा सीटों पर सपा जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर छात्राओं की स्नातक तक की पढ़ाई की फीस माफ की जाएगी और आवासहीन कामगारों को छत उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके लिए पार्टी की युवा टीम घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेगी।
सेमिनार में शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था, सड़कों पर गड्ढों, महंगाई और बेरोजगारी को भी प्रमुखता से उठाया गया। सपा महासचिव बंटी सेंगर ने आरोप लगाया कि ठेका व्यवस्था के चलते शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर सफाई व्यवस्था को ठेकेदारों के बजाय सरकारी कर्मचारियों के माध्यम से संचालित कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
kanpur news अखिलेश यादव Samajwadi Party news UP Assembly Election 2027 समाजवादी पार्टी कानपुर हाजी फज़ल महमूद कानपुर नगर निगम विधानसभा चुनाव 2027 सपा संगठन #SwatantraPrabhat पीडीए राजनीति महंगाई और बेरोजगारी कानपुर सपा पीडीए सेमिनार हाजी सैय्यद महमूद पुण्यतिथि केके शुक्ल बंटी सेंगर कानपुर की पांच विधानसभा सीटें 78 वार्ड पदाधिकारी 470 मलिन बस्तियां छात्राओं की मुफ्त उच्च शिक्षा स्नातक तक मुफ्त पढ़ाई आवासहीन कामगार कामगार आवास योजना शहर की सफाई व्यवस्था ठेका सफाई व्यवस्था


Comments