फीचर्ड
राजनीति
भारत
यूपी की बजट संबंधी जानकारी अब एक क्लिक पर, वित्त मंत्री ने लॉन्च की नई वेबसाइट
बजट दस्तावेज, वित्तीय आंकड़े, शासनादेश और पिछले 10 वर्षों के बजट भाषण उपलब्ध; चैटबॉट से सवालों के जवाब पाना भी होगा आसान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बजट और वित्तीय सूचनाओं तक आमजन की पहुंच आसान बनाने के लिए राज्य सरकार ने बजट वेबसाइट को नए स्वरूप में तैयार किया है। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार को नवीनीकृत बजट वेबसाइट का शुभारंभ किया। इस डिजिटल मंच पर बजट से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, वित्तीय आंकड़े, नियमावली, शासनादेश और अन्य उपयोगी जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई हैं।
.jpeg)
वेबसाइट की प्रमुख विशेषताओं में चैटबॉट सुविधा शामिल है। इसके माध्यम से उपयोगकर्ता बजट से जुड़े सवाल पूछकर संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे आम नागरिकों, शोधकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों को बजट संबंधी सूचनाएं खोजने में सहूलियत होगी।
.jpeg)
वेबसाइट पर राज्य के बजट के साथ वित्तीय उत्तरदायित्व एवं बजट प्रबंधन (एफआरबीएम) अधिनियम, आकस्मिकता निधि नियमावली, विभिन्न आरक्षित निधियों में उपलब्ध धनराशि और उत्तर प्रदेश कार्य नियमावली, 1975 से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा केंद्र सरकार से मिलने वाली धनराशि, केंद्रीय करों में प्रदेश के हिस्से तथा पंचायती राज संस्थाओं और नगरीय निकायों के लिए बजट में किए गए अनुदान के प्रावधानों का विवरण भी देखा जा सकेगा।
Read More एकमा में प्रखंड स्तरीय वासंतिक (रबी) कार्यशाला आयोजित, किसानों को दी गई खेती की तकनीकी जानकारीवित्तीय स्वीकृतियों से संबंधित शासनादेशों को भी वेबसाइट पर शामिल किया गया है। इनमें वित्तीय वर्ष 2014-15 से संबंधित आदेश उपलब्ध हैं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य आर्थिक सर्वेक्षण, वित्त विभाग की ओर से प्रकाशित बजट की रूपरेखा और भारत का संविधान हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। बजट से संबंधित वीडियो भी वेबसाइट पर देखे जा सकेंगे।
.jpeg)
नई वेबसाइट पर चालू वित्तीय वर्ष के मूल बजट और पिछले वित्तीय वर्ष के प्रमुख वित्तीय संकेतकों का तुलनात्मक विवरण दिया गया है। विभिन्न क्षेत्रों के लिए किए गए बजटीय प्रावधानों के साथ पिछले 10 वर्षों के वित्त मंत्रियों के बजट भाषण भी उपलब्ध कराए गए हैं।
सरकार की इस पहल को बजटीय पारदर्शिता बढ़ाने, वित्तीय सूचनाओं को सरलता से उपलब्ध कराने और डिजिटल सुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।शुभारंभ के अवसर पर प्रमुख सचिव वित्त दीपक कुमार, सचिव संदीप कौर, पंधारी यादव और विशेष सचिव आलोक दीक्षित सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


Comments