दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत आवेदन एवं नवीनीकरण की समय-सारिणी में बदलाव
पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत आवेदन एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
अम्बेडकरनगर।
निदेशक, समाज कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं (कक्षा 11-12 को छोड़कर) को छात्रवृत्ति का भुगतान सुनिश्चित कराने हेतु तृतीय संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है।
जिला पिछड़ा कल्याण अधिकारी ने बताया कि संशोधित समय-सारिणी के अनुसार शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने की अवधि 23 अक्टूबर से 05 नवंबर, 2026 तक निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालयों एवं एफिलिएटिंग एजेंसियों द्वारा फीस आदि का सत्यापन 23 अक्टूबर से 07 नवंबर, 2026 तक किया जाएगा। छात्र-छात्राओं द्वारा छात्रवृत्ति आवेदन का नवीनीकरण 23 अक्टूबर से 13 नवंबर, 2026 तक किया जाएगा। छात्रों द्वारा नवीन आवेदन करने के लिए 15 सितंबर से 13 नवंबर, 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद के समस्त शिक्षण संस्थानों एवं पात्र छात्र-छात्राओं को सूचित किया है कि शासन की मंशानुरूप जारी संशोधित समय-सारिणी के अनुसार निर्धारित समय- सीमा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि शैक्षिक सत्र 2026-27 में छात्रवृत्ति योजना का सुचारु रूप से क्रियान्वयन हो सके तथा पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने संबंधित शिक्षण संस्थानों से मास्टर डाटा तैयार करने एवं सत्यापन की प्रक्रिया समय से पूर्ण कराने तथा छात्र-छात्राओं से आवेदन एवं नवीनीकरण निर्धारित तिथि के भीतर पूर्ण करने की अपील की है।


Comments