हेरोइन तस्करी नेटवर्क का कथित फाइनेंसर बाराबंकी से गिरफ्तार
1.204 किलो हेरोइन बरामदगी के मामले में था वांछित, वित्तीय मदद देने का आरोप
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सोनभद्र। सोनभद्र पुलिस ने हेरोइन तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित कथित फाइनेंसर मोहम्मद वकील (36) को बाराबंकी से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी तस्करी नेटवर्क को आर्थिक मदद देने और हेरोइन की आपूर्ति में सहयोग करने में शामिल था।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को चोपन पुलिस और एसओजी टीम ने वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर दो लग्जरी वाहनों के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 1 किलो 204 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इस मामले में चोपन थाने में एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान बाराबंकी निवासी मोहम्मद वकील की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने 28 अक्टूबर को जैदपुर थाना क्षेत्र के टिकरा मुर्तजा गांव से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, नेटवर्क के जरिए लखनऊ और बाराबंकी से हेरोइन लाकर विभिन्न क्षेत्रों में बिक्री की जाती थी।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सोनभद्र और लखनऊ में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में थाना चोपन और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।


Comments