अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में नामांकन के लिए 3 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
कक्षा 9वीं और 11वीं में दाखिले के लिए 12 नवंबर को होगी प्रवेश परीक्षा, 25 नवंबर को आएगा परिणाम
सुपौल। बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य के अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं एवं 11वीं (कला और विज्ञान संकाय) में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं तीन नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 12 नवंबर को आयोजित होगी।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, सुपौल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, राज्य के विभिन्न जिलों में संचालित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में नामांकन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सहायक निदेशक अनुराग कुमार ने बताया कि सुपौल सहित दरभंगा, किशनगंज, नालंदा, कैमूर, मुजफ्फरपुर, जमुई, कटिहार समेत अन्य जिलों में संचालित विद्यालयों में नामांकन की प्रक्रिया चल रही है।
कक्षा 9वीं के लिए 16 और 11वीं के लिए 18 वर्ष अधिकतम आयु
नामांकन के लिए कक्षा 9वीं में अधिकतम आयु सीमा 16 वर्ष तथा कक्षा 11वीं में 18 वर्ष निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों के परिवार की अधिकतम वार्षिक आय छह लाख रुपये होनी चाहिए। नामांकन प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेधा सूची के अनुसार किया जाएगा।
छात्र-छात्राओं को मिलेंगी नि:शुल्क सुविधाएं
अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को नि:शुल्क शिक्षा, आवास, भोजन, वस्त्र, दवा और पुस्तकें उपलब्ध कराई जाती हैं। कक्षा 9वीं से 12वीं तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक प्रयोगशालाओं और स्मार्ट कक्षाओं में पढ़ाई की सुविधा भी दी जाती है।
Read More छठ और दीपावली पर यात्रियों को राहत: छपरा से चलने वाली विशेष ट्रेनों में कई तारीखों पर सीटें उपलब्धनामांकन में 50 प्रतिशत सीटें बालिकाओं के लिए आरक्षित हैं। वहीं, दोनों कक्षाओं में 75 प्रतिशत सीटें बिहार के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित हैं। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार के आरक्षण संबंधी प्रावधानों का पालन किया जाएगा।
25 नवंबर को जारी होगा प्रवेश परीक्षा का परिणाम
प्रवेश-पत्र सात से 10 नवंबर तक डाउनलोड किया जा सकेगा। प्रवेश परीक्षा का परिणाम 25 नवंबर 2026 को प्रकाशित किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों का नामांकन एक से सात दिसंबर तक होगा और आठ दिसंबर से शैक्षणिक सत्र शुरू होगा।
यहां करें ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक छात्र-छात्राएं विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://minority.bihar.gov.in/schoolmis/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान शैक्षणिक योग्यता, आयु एवं आवासीय प्रमाण-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करना होगा। विस्तृत जानकारी के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, सुपौल से संपर्क किया जा सकता है।


Comments