‘माही जैसा भी खेलें, मैं उनके साथ हूं’, शहनाज गिल ने बिग बॉस 20 की कंटेस्टेंट को दिया समर्थन
बिग बॉस 13 के दिनों को याद कर भावुक हुईं शहनाज, बताया— मुश्किल वक्त में माही विज ने कपड़े भेजकर की थी मदद
मुंबई। रियलिटी शो बिग बॉस 20 में माही विज को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अभिनेत्री शहनाज गिल ने उनके समर्थन में अपनी बात रखी है। शहनाज ने सोशल मीडिया पर साझा किया कि वह फिलहाल शो नहीं देख रही हैं, इसलिए उन्हें नहीं पता कि माही कैसा प्रदर्शन कर रही हैं। इसके बावजूद वह उनके साथ खड़ी हैं। शहनाज ने इसकी वजह बताते हुए बिग बॉस के अपने दिनों को याद किया, जब माही विज ने मुश्किल समय में उनकी मदद की थी।

मुश्किल वक्त में माही ने दिया था साथ
शहनाज गिल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में बताया कि जब वह बिग बॉस 13 का हिस्सा थीं, तब एक समय ऐसा भी आया था, जब उनके पास पहनने के लिए पर्याप्त कपड़े नहीं थे। उस दौरान माही विज ने आगे बढ़कर उनकी मदद की थी। शहनाज के मुताबिक, माही ने न सिर्फ उनकी जरूरत को समझा, बल्कि भावनात्मक रूप से भी उनका साथ दिया।
शहनाज ने लिखा कि उन्हें याद है कि माही उनके साथ हंसती थीं और उनके रोने पर उनका दुख भी साझा करती थीं। शहनाज ने माही को सच्चे दिल वाली इंसान बताते हुए कहा कि उन्होंने उनका यह रूप करीब से देखा है। इसी वजह से शो में माही का प्रदर्शन चाहे जैसा भी हो, उनका समर्थन जारी रहेगा।
बिग बॉस 13 से मिली थी शहनाज को पहचान
शहनाज गिल बिग बॉस 13 में नजर आई थीं। इस सीजन में उनकी चुलबुली अंदाज और साफगोई ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। शो में सिद्धार्थ शुक्ला के साथ उनकी दोस्ती और बॉन्डिंग भी काफी चर्चा में रही। सिद्धार्थ शुक्ला इस सीजन के विजेता बने थे, जबकि शहनाज ने दर्शकों के बीच अपनी अलग लोकप्रियता हासिल की।
बिग बॉस के बाद शहनाज ने मनोरंजन जगत में अपनी पहचान मजबूत की और सलमान खान के साथ फिल्म किसी का भाई किसी की जान से हिंदी फिल्मों में कदम रखा। अब माही विज के प्रति उनका समर्थन एक बार फिर पुराने रिश्तों और मुश्किल समय में मिले सहयोग की अहमियत को सामने लाता है।


Comments