फीचर्ड
राजनीति
भारत
संविधान दिवस पर फिरोजाबाद में 50 अम्बेडकर पार्कों के जीर्णोद्धार कार्यों का शुभारंभ
अम्बेडकर नगर स्थित पार्क में विधायक मनीष असीजा और डीएम ने किया भूमि पूजन, बाबा साहब की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
जिला संवाददाता फ़िरोज़ाबाद
फिरोजाबाद।
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को प्रदेशभर में ‘डॉ. बी. आर. अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना’ के अंतर्गत पार्कों के विकास एवं जीर्णोद्धार कार्यों का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में जनपद की तहसील फिरोजाबाद के अम्बेडकर नगर स्थित अम्बेडकर पार्क में भूमि पूजन कर विकास कार्यों की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान अंगीकृत किया गया था। उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना के अंतर्गत जनपद फिरोजाबाद में 50 पार्कों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है।
डीएम ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से पहली बार नगर निगम, नगर पालिका और ग्रामीण क्षेत्रों में समन्वित रूप से पार्कों एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमाओं के विकास की पहल की गई है। यह संविधान सभा के सदस्यों और संविधान निर्माण में योगदान देने वाले सभी वर्गों के प्रति सम्मान एवं श्रद्धांजलि का प्रतीक है।
जिलाधिकारी ने संविधान की प्रस्तावना ‘हम भारत के लोग’ का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र में नागरिकों की सहभागिता मतदान के माध्यम से सुनिश्चित होती है। उन्होंने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक को वयस्क मताधिकार प्राप्त है। मतदान का अधिकार समाज के प्रत्येक वर्ग को समान रूप से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर देता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में योगदान देने वाले सभी महानुभाव अभिनंदन के पात्र हैं। उन्होंने विशेष रूप से बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और प्रयासों से देश को ऐसा सशक्त संविधान मिला, जिसने समाज के प्रत्येक वर्ग को समानता, न्याय और अधिकारों की सुरक्षा प्रदान की।
इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा और जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।


Comments