30 अक्टूबर को लगेगी पेंशन अदालत, पेंशनरों की समस्याओं का होगा निस्तारण
पेंशनर 12 अक्टूबर तक जमा करें आवेदन, 30 अक्टूबर को होगी पेंशन अदालत
ब्यूरो रिपोर्ट
सोनभद्र/ उत्तर प्रदेश -
वरिष्ठ कोषाधिकारी सोनभद्र इन्द्रभान सिंह ने अवगत कराया कि आयुक्त विन्ध्याचल मण्डल, मीरजापुर की अध्यक्षता में 30 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 12:00 बजे आयुक्त कार्यालय सभागार में पेंशन अदालत का आयोजन किया जाएगा। पेंशन अदालत में विन्ध्याचल मण्डल के सेवानिवृत्त पेंशनरों की पेंशन संबंधी समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पेंशन/ग्रेच्युटी स्वीकृत न होने, पेंशन के त्रुटिपूर्ण निर्धारण, सेवानिवृत्ति के बाद वेतन आदि के पुनरीक्षण के आधार पर पेंशन पुनरीक्षण तथा प्रशासनिक विभाग एवं पेंशन विभाग के बीच मतभेद वाले प्रकरणों पर विचार किया जाएगा। ऐसे प्रकरण जो न्यायालय में लंबित हैं, लेकिन पेंशनर उन्हें न्यायालय के बाहर निस्तारित कराने के इच्छुक हैं, उन पर भी विचार किया जा सकता है। हालांकि उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों पर पेंशन अदालत में विचार नहीं किया जाएगा। पेंशनरों की अन्य शिकायतों को भी पेंशन अदालत के समक्ष रखा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि पेंशन अदालत में वाद दाखिल करने हेतु आवेदन-पत्र का प्रारूप विन्ध्याचल मण्डल के जिला कोषागारों में उपलब्ध है। पेंशनर आवेदन-पत्र को तीन प्रतियों में भरकर संबंधित जनपद के मुख्य/वरिष्ठ कोषाधिकारी कार्यालय में 12 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 03:00 बजे तक उपलब्ध करा दें। अपूर्ण आवेदन-पत्रों तथा निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन-पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।


Comments