ड्रमंडगंज पुलिस की तत्परता से 8 घंटे में घर से लापता 10 वर्षीय बालक बरामद
मीरजापुर।
मिर्जापुर। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में घर से लापता हुए 10 वर्षीय बालक को पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार ग्राम महेशपुर निवासी रमण सिंह पुत्र रूपा सिंह का नाती वंश सैनी पुत्र सोनू सैनी, निवासी समया सोनिपथ, हरियाणा, हालपता महेशपुर थाना ड्रमंडगंज, मिर्जापुर, उम्र करीब 10 वर्ष, जो मानसिक रूप से दिव्यांग बताया गया है,
दिनांक 28 सितंबर 2026 की शाम बिना बताए घर से चला गया था। बालक के अचानक गायब होने की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और मामले की जानकारी ड्रमंडगंज पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और आसपास के गांवों एवं संभावित स्थानों पर लोगों से पूछताछ करते हुए बालक की तलाश शुरू कर दी गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बालक वंश सैनी प्रयागराज की तरफ जाने की बात कह रहा था।
पुलिस टीम ने तत्काल उसकी तलाश तेज करते हुए प्रयागराज रेलवे स्टेशन पहुंचकर जानकारी जुटाई, जहां से पुलिस को सफलता हाथ लगी और लापता बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस द्वारा बालक को सकुशल थाना ड्रमंडगंज लाया गया तथा उसके परिजनों से संपर्क कर उन्हें सूचना दी गई। परिजनों ने थाने पहुंचकर बालक को पहचानने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया और
ड्रमंडगंज पुलिस की तत्परता एवं सक्रियता की सराहना की। आवश्यक कार्रवाई एवं लिखित प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बालक वंश सैनी को उसके नाना रमण सिंह एवं मां श्रीमती सुनीता के सुपुर्द कर दिया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार, उ0नि0 शिवाकान्त पाण्डेय एवं का0 हेमन्त नामदेव शामिल रहे। बालक के सकुशल बरामद होने से परिजनों ने राहत की सांस ली।


Comments