नवीनतम
फीचर्ड
भारत
आबकारी नियमों की अनदेखी का आरोप, स्कूल-खेल मैदान के पास शराब ठेका हटाने की मांग
......कुढ़ा में सरकारी पूर्व माध्यमिक विद्यालय से करीब 100 मीटर दूर दुकान को लेकर समाधान दिवस में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
विनीत कुमार मिश्रा
(जिला संवाददाता)
लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के कुढ़ा गांव में विद्यालय और खेल मैदान के पास संचालित देशी शराब की दुकान को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में फूट पड़ा। शिवसागर तिवारी, सुरेन्द्र कुमार सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर दुकान को तत्काल दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि बाजार के सामने कई वर्षों से संचालित शराब की दुकान से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर कक्षा आठ तक का पूर्व माध्यमिक विद्यालय और बच्चों के खेलने का मैदान है।

ग्रामीणों ने आबकारी नियमों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास शराब बिक्री को नियंत्रित करने वाली व्यवस्थाओं का हवाला देते हुए दुकान के स्थान की जांच कराने की मांग की। आरोप है कि दोपहर की छुट्टी के दौरान बच्चे जब मैदान में खेलते हैं, उस समय शराब की दुकान के आसपास नशे में धुत लोगों का जमावड़ा लग जाता है और गाली-गलौज व हुड़दंग होता है। इससे बच्चों की सुरक्षा के साथ विद्यालय का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शराबियों के जमावड़े के कारण रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं और छात्राओं को भी फब्तियों व अभद्रता का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक मामले की शिकायत पहले भी आबकारी विभाग से की जा चुकी है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने मांग की कि आबकारी विभाग मौके का निरीक्षण कर दुकान के लाइसेंस, निर्धारित स्थल और लागू नियमों की जांच करे। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने आबकारी विभाग को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जांच के बाद भी दुकान नहीं हटाई गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
swatantra prabhat lucknow news संपूर्ण समाधान दिवस Excise Department mohanlalganj news महिला सुरक्षा ग्रामीणों की शिकायत बच्चों की सुरक्षा School Safety खेल मैदान छात्राओं की सुरक्षा लखनऊ मोहनलालगंज कुढ़ा गांव शराब ठेका विवाद Liquor Shop Complaint देशी शराब की दुकान सरकारी पूर्व माध्यमिक विद्यालय आबकारी विभाग जांच SDM Mohanlalganj शराब दुकान स्थानांतरण Liquor License Verification शिवसागर तिवारी सुरेन्द्र कुमार सिंह सार्वजनिक स्थान पर शराब बिक्री आबकारी नियम


Comments