सभी योग्य आवेदकों को हर हाल में दिलाएं पीएम सूर्यघर योजना का लाभ

लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किया जाए

BIHAR SWATANTRA PRABHAT Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात | बिहार से संवाददाता की रिपोर्ट
प्रकाशक – जितेंद्र कुमार राजेश
 

बेतिया। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में बुधवार समाहरणालय सभागार में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बेतिया एवं बगहा के कार्यपालक अभियंता तथा सभी बैंकों के जिला समन्वयक/प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य आम लोगों को सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को आच्छादित किया जाए तथा आवेदन से लेकर स्वीकृति और इंस्टॉलेशन तक की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाए। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि कंट्रोल रूम को पूरी तरह फंक्शनल रखा जाए, ताकि शिकायतों और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किया जाए।

उन्होंने बैंकर्स, वेंडर्स एवं संबंधित पदाधिकारियों का एक साझा व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया, जिससे आपसी समन्वय मजबूत हो और किसी भी समस्या का समाधान तुरंत किया जा सके। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी योग्य आवेदकों को हर हाल में पीएम सूर्यघर योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बैंकों के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लाभुकों के ऋण आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही, विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सोलर पैनल इंस्टॉलेशन, नेट मीटरिंग एवं तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया को तेज करें।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि आम लोगों के बीच योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए पंचायत स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने, शिविर आयोजित करने तथा संभावित लाभुकों को योजना के लाभ एवं प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी समीक्षा की गई कि अब तक कितने आवेदन प्राप्त हुए, कितनों को स्वीकृति मिली और कितने घरों में सोलर पैनल स्थापित किए गए हैं। इस दौरान लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, काजले वैभव नितिन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

नगर निगम प्रशासन का चला अतिक्रमण मुक्त अभियान Read More नगर निगम प्रशासन का चला अतिक्रमण मुक्त अभियान

About The Author

Post Comments

Comments