नवीनतम
राजनीति
भारत
आतंकवादियों के जड़ पर कड़ा प्रहार होना जरूरी है-प्रमोद तिवारी
उन्होने कहा कि इसका लाभ उपभोक्ताओं को न देकर सीधे तौर पर निजी कम्पनियों को दिया जा रहा है।
स्वतंत्र प्रभात
प्रतापगढ़।
राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम के बैसरन में आतंकवादी हमले की कड़ी आलोचना करते हुए भारत की ओर से कठोर निर्णायक कदम उठाए जाने पर जोर दिया है। उन्होनें कहा कि यह आतंकवादी हमला भारत राष्ट्र की एकता तथा अखण्डता व सार्वभौमिकता पर कायराना कपटपूर्ण एवं बुजदिलाना हमला है।
उन्होने कहा कि 24 अप्रैल को सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे व राहुल गांधी ने इण्डिया गठबंधन के सहयोगी नेताओं के साथ शामिल होकर आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार के हर कदम का देशहित में खुला समर्थन दिया है। शनिवार को नगर के शैल श्याम पैलेस में पत्रकार वार्ता में प्रमोद तिवारी ने कहा कि भारत किसी भी कीमत पर देश पर हुए इस हमले को बर्दाश्त नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने की जरूरत है।
घटनास्थल पर सुरक्षा के नाम पर एक भी सीआरपीएफ का जवान नहीं तैनात होने का उन्होंने सवाल उठाया।राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि आतंकवादी क्यूआरटी बीस मिनट तक पर्यटकों की खूनी खेल खेलता रहा। लेकिन कोई सुरक्षातंत्र निर्दोष पर्यटकों को बचाने के लिए वहां नहीं पहुंच सकी।
उन्होंने कहा कि इनटेलीजेंस की भयंकर चूक हुई है और कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने भी चूक की बात स्वीकार की है। उन्होने वार्ता में गंभीर सवाल उठाया कि क्या अब केन्द्रीय गृहमंत्री नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देंगे?यह भी कहा कि सर्वदलीय बैठक के दौरान बेहतर होता प्रधानमंत्री बिहार का चुनावी राजनैतिक दौरा रद्द करके बैठक में शामिल होते।उन्होंने आतंकवादियों से मुकाबला करते हुए हवलदार अली शेख के सर्वोच्च बलिदान को भी शौर्य एवं पराक्रम की अतुलनीय वीरगाथा कहा। राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि देश का हर कोना इस आतंकवादी हमले से दुःखी व आक्रोशित है। उन्होनें सीमा पर होने वाली पाकिस्तानी गोलीबारी की भी तीखी आलोचना की है।
राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि भारतीय सेना की वीरता पर देश को गर्व है।प्रेस वार्ता में श्री तिवारी ने उत्तर प्रदेश में अप्रैल से प्रभावी बिजली के सरचार्ज में 1.24 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी को प्रदेश की जनता पर बोझ करार दिया। कहा कि सरकार एक तरफ विद्युत आपूर्ति नहीं कर पा रही है तो दूसरी तरफ बिजली का सरचार्ज बढ़ाकर उपभोक्ताओं पर और बोझ डाल रही है। जिससे लगता है कि सरकार बिजली को भी अपने प्राइवेट मित्रों को सौंपने का है। कहा कि कांग्रेस निजीकरण का विरोध करेगी। वार्ता में यह भी कहा कि दुनिया की बाजार में कच्चा तेल सस्ता होने पर प्राइवेट पेट्रोल कंपनियां लगभग पन्द्रह रूपये प्रति लीटर कमा रही है।
उन्होने कहा कि इसका लाभ उपभोक्ताओं को न देकर सीधे तौर पर निजी कम्पनियों को दिया जा रहा है। उन्होने केन्द्र सरकार से तत्काल पेट्रोल का दाम लगभग बीस रूपये कम करने की मांग उठाई । सांसद प्रमोद तिवारी ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में प्रतापगढ़ के मेधावी सौम्य शर्मा तथा अन्नपूर्णा मिश्रा की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि इस सफलता से प्रतापगढ़ की मेधाशक्ति व बौद्धिक क्षमता का परचम पूरे देश में लहराया है। राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने प्रेसवार्ता की शुरूआत पहलगाम में आतंकवादियों के हाथों मारे गये निर्दोष पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित किया।
उन्होनें सभी के साथ दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की। वार्ता के दौरान पं0 श्यामकिशोर शुक्ल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ0 नीरज त्रिपाठी, शहर अध्यक्ष इरफान अली, मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, डॉ0 प्रशान्तदेव शुक्ल, डॉ लालजी त्रिपाठी, सेवादल अध्यक्ष महेंद्र शुक्ल, श्यामशंकर मिश्र, ओम प्रकाश मिश्र, दानिश माबूद आदि उपस्थित रहे।


Comments