नगराम पुलिस ने बैंकों और एटीएम की सुरक्षा परखी, छात्राओं को किया जागरूक

सीसीटीवी कैमरों और इमरजेंसी अलार्म की जांच, मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को दी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी

Abhinav Shukla Picture
Published On

नगराम, लखनऊ।  बैक और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए मंगलवार को नगराम पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न बैंकों और एटीएम का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान बैंक परिसर के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों तथा इमरजेंसी अलार्म की कार्यप्रणाली जांची गई। साथ ही बैंक आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
 
वहीं, मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत पूर्व माध्यमिक विद्यालय शाह मोहम्मदपुर अपेया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं, महिलाओं और बच्चों को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और सशक्तीकरण के प्रति जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन पुलिस सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी। इसके अलावा महिला हेल्प डेस्क, महिला सुरक्षा केंद्र और यूपी कॉप एप के उपयोग के बारे में भी बताया गया।
 
कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए ऑनलाइन ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई। पुलिसकर्मियों ने बताया कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही छात्राओं और महिलाओं से किसी भी तरह की परेशानी होने पर बिना संकोच पुलिस की मदद लेने की अपील की गई।
 
थाना प्रभारी नगराम अंजनी सिंह ने बताया कि क्षेत्र के बैंकों और एटीएम की नियमित चेकिंग की जा रही है, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। बैंक प्रबंधन को सीसीटीवी कैमरे और इमरजेंसी अलार्म दुरुस्त रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार प्रयासरत है।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार