महर्षि वाल्मीकि जयंती पर मंत्री ए.के. शर्मा ने सफाई मित्रों को किया सम्मानित
उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर नगरीय निकाय निदेशालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर नगरीय निकाय निदेशालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद और निदेशक अनुज कुमार झा के साथ महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित भी किया गया।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाकर समाज को मर्यादा, नैतिकता और सदाचार का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने लोगों से महर्षि वाल्मीकि के विचारों को अपनाकर बेहतर समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि शहरों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सफाई मित्रों के अथक परिश्रम से ही नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिलता है। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र समाज के स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन के आधार स्तंभ हैं तथा उनके श्रम का सम्मान करना सभी का दायित्व है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 में शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान ने स्वच्छता को जनांदोलन का रूप दिया है। इस अभियान को सफल बनाने में सफाई मित्रों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और व्यवस्थित शहर विकसित भारत के निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं।
लखनऊ की स्वच्छता उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि शहर ने स्वच्छता सर्वेक्षण में तीसरा स्थान प्राप्त करने के साथ वायु गुणवत्ता के क्षेत्र में भी प्रथम स्थान हासिल किया है। यह नगर निगम, सफाई मित्रों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि लखनऊ में प्रतिदिन लगभग 2,100 टन कचरा निकलता है, जिसके वैज्ञानिक प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


Comments