उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय, 7 कालिदास मार्ग पर महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों को महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र को लिपिबद्ध कर कालजयी महाकाव्य रामायण की रचना की। उनकी रचना ने देश और दुनिया को सत्य के मार्ग पर चलने का महत्वपूर्ण संदेश दिया। भगवान श्रीराम की गौरवगाथा को जन-जन तक पहुंचाने में महर्षि वाल्मीकि का योगदान अतुलनीय है।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आदर्श जीवन-दर्शन का अमूल्य ग्रंथ है। उनकी रचनाएं युगों-युगों तक समाज को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती रहेंगी।
श्री मौर्य ने कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन दर्शन के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि ने सामाजिक मूल्यों और आदर्शों को स्थायी आधार प्रदान किया। उनकी शिक्षाएं आज भी अनुकरणीय और प्रेरणादायक हैं। भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर समाज में समरसता, समानता और सद्भाव को बढ़ावा दिया जा सकता है।
उन्होंने लोगों से महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं को आत्मसात कर समतामूलक समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।


Comments