काशी नरेश विश्वविद्यालय के विकास की बनेगी कार्ययोजना, लैब-स्मार्ट क्लास और छात्रावास होंगे आधुनिक

राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को काशी नरेश राजकीय विश्वविद्यालय ज्ञानपुर का निरीक्षण किया।

Abhinav Shukla Picture
Published On

भदोही। राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को काशी नरेश राजकीय विश्वविद्यालय ज्ञानपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मौलश्री का पौधारोपण किया। इसके बाद कुलपति प्रो. उमा श्रीवास्तव और 21 विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक कर शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली।
 
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) के मानकों के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रयोगशालाओं, स्मार्ट क्लास, छात्रावास, पुस्तकालय और अन्य आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए समग्र कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। कहा कि नए भवनों का निर्माण विद्यार्थियों और शिक्षकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाए। परिसर में सड़क, बिजली, पेयजल, सीवर, पार्किंग और खेल मैदान जैसी सुविधाओं को भी बेहतर बनाने पर बल दिया।
 
डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उन्होंने समर्थ पोर्टल के सभी 42 मॉड्यूल चरणबद्ध तरीके से सक्रिय करने के निर्देश दिए। वर्तमान में विश्वविद्यालय में तीन मॉड्यूल संचालित हैं।
 
इसके बाद विद्यार्थियों से संवाद करते हुए राज्यपाल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, रोजगारपरक पाठ्यक्रम, स्टार्टअप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जिम्मेदार उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने प्रत्येक सोमवार को विश्वविद्यालय में चिकित्सक की उपलब्धता और नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने का सुझाव दिया। स्वच्छता के लिए विद्यार्थी समिति गठित करने तथा खेल सुविधाओं को मजबूत बनाने की भी बात कही।
 
कुलपति प्रो. उमा श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय में करीब सात हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इस दौरान मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, डीआईजी पूनम, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें