अमेठी में जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन, युवाओं ने लोक कला और सांस्कृतिक प्रतिभा का किया प्रदर्शन

विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग-2026-27 के तहत आयोजित हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं

Abhinav Shukla Picture
Published On

अमेठी। युवाओं में भारतीय संस्कृति, लोक कला, लोक संगीत एवं पारंपरिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सोमवार को मनीषी महिला महाविद्यालय, गौरीगंज में जनपद स्तरीय युवा उत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
 
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग-2026-27 के अंतर्गत संपन्न हुआ। इसमें जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी शशांक चौधरी, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, शिक्षाविद् जगदम्बा प्रसाद त्रिपाठी, जिला युवा कल्याण अधिकारी मयंक पटेल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रागिनी पाण्डेय, निधि श्रीवास्तव एवं रीना वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। युवा उत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक ट्रैक के तहत लोकगीत समूह, लोकनृत्य समूह, नुक्कड़ नाटक समूह, कविता लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी कला, विचारों और रचनात्मकता को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय लोक संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना, विलुप्त होती लोक कलाओं और रीति-रिवाजों को प्रोत्साहित करना तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करना रहा। प्रतियोगिताओं के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ का संदेश प्रस्तुत किया गया।
 
प्रतिभागियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया। लोकगीत प्रतियोगिता में जे.एन. मौर्य इंटर कॉलेज, मुबारकपुर, जगदीशपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जय प्रकाश सर्वोदय बालिका विद्यालय ने द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया। लोकनृत्य प्रतियोगिता में मनीषी महिला महाविद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जीजीआईसी गौरीगंज दूसरे तथा जीजीआईसी जगदीशपुर तीसरे स्थान पर रहा। इसी क्रम में पेंटिंग प्रतियोगिता में मंशा कुमारी ने प्रथम, शिवांशी ने द्वितीय तथा समृद्धि ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम ने युवाओं को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जुड़ने, अपनी प्रतिभा निखारने तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता व्यक्त करने का अवसर प्रदान किया। ऐसे आयोजन युवाओं में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित करने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश सिंह ने किया।
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें