महिलाओं में बार-बार होने वाले संक्रमण और सर्जरी के बाद संक्रमण की रोकथाम पर हुई वैज्ञानिक संगोष्ठी
कानपुर। महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता बढ़ाने और चिकित्सकीय ज्ञान के आदान-प्रदान के उद्देश्य से शनिवार को कानपुर सोसाइटी ऑफ पेरिनेटोलॉजी एंड रिप्रोडक्टिव बायोलॉजी (ISOPARB) के तत्वावधान में होटल रीजेंटा, कानपुर में एक वैज्ञानिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें शहर के वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञों एवं चिकित्सकों ने भाग लेकर महिलाओं में बार-बार होने वाले मूत्र मार्ग संक्रमण (रिकरेंट यूटीआई) तथा ऑपरेशन के दौरान और उसके बाद होने वाले संक्रमण (सर्जिकल साइट इन्फेक्शन) की रोकथाम, समय पर पहचान और प्रभावी उपचार पर विस्तार से चर्चा की।
संगोष्ठी की अध्यक्षता ISOPARB कानपुर की अध्यक्ष डॉ. नीलम मिश्रा ने की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य चिकित्सकों को संक्रमण से बचाव और बेहतर उपचार की नवीनतम वैज्ञानिक जानकारियों से अवगत कराना है।
कार्यक्रम में डॉ. राशि मिश्रा ने महिलाओं में बार-बार होने वाले मूत्र मार्ग संक्रमण के कारणों, इसके लिए जिम्मेदार परिस्थितियों, उत्पन्न जटिलताओं तथा प्रभावी एवं स्थायी उपचार के विभिन्न पहलुओं पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि बार-बार संक्रमण होने की स्थिति में इसके कारणों की सही पहचान और समय पर उपचार बेहद आवश्यक है।
मुख्य संरक्षिका एवं संरक्षिका डॉ. मीरा अग्निहोत्री ने सर्जिकल साइट इन्फेक्शन की रोकथाम, संक्रमण के शुरुआती लक्षणों की पहचान, ऑपरेशन के दौरान आवश्यक सावधानियों और सर्जरी के बाद बेहतर देखभाल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों के साथ पैनल चर्चा आयोजित की। इस चर्चा का संचालन डॉ. रेनू गुप्ता लाल एवं डॉ. पाविका लाल ने किया।
ISOPARB की सचिव डॉ. किरण सिन्हा ने कहा कि महिलाओं में बार-बार होने वाले संक्रमण की समय रहते पहचान, समुचित उपचार और सर्जरी के दौरान संक्रमण की रोकथाम के लिए निर्धारित चिकित्सकीय प्रोटोकॉल का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर उपचार पद्धतियों के प्रति जागरूक रहने तथा महिलाओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. नीलम मिश्रा, मुख्य संरक्षिका डॉ. मीरा अग्निहोत्री, सचिव डॉ. किरण सिन्हा और कोषाध्यक्ष डॉ. रेशमा निग
म सहित शहर के अनेक वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं चिकित्सक उपस्थित रहे। संगोष्ठी में चिकित्सकों ने अपने अनुभव और विचार साझा किए तथा महिलाओं के स्वास्थ्य की गुणवत्ता में सुधार के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।
swatantra prabhat kanpur news uttar pradesh news women's health Healthcare Services Medical Research Medical Awareness Infection Prevention Infection Control ISOPARB Kanpur Medical Seminar Recurrent UTI Urinary Tract Infection Surgical Site Infection Women Healthcare Gynecologists Dr Neelam Mishra Dr Rashi Mishra Dr Meera Agnihotri Dr Kiran Sinha Dr Renu Gupta Lal Dr Pavika Lal Dr Reshma Nigam Surgery Safety Post Surgery Care


Comments