योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय के डॉ. अमरजीत यादव सम्मानित
आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने प्रदान किया प्रशस्ति पत्र, 2015 से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के राज्यस्तरीय आयोजनों में निभा रहे अहम भूमिका
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के योग एवं वैकल्पिक चिकित्सा संकाय के समन्वयक डॉ. अमरजीत यादव को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के राज्यस्तरीय आयोजन में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर योग के प्रचार-प्रसार और आयोजन के सफल प्रबंधन में उनकी भूमिका की सराहना की।
डॉ. अमरजीत यादव वर्ष 2015 में पहले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन से ही उत्तर प्रदेश शासन के आयुष विभाग की राज्यस्तरीय आयोजन समिति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वर्ष 2017 में लखनऊ में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भी उन्होंने कोर कमेटी के सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इस समारोह में प्रधानमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।
शोध और लेखन में भी उल्लेखनीय योगदान
योग शिक्षा और शोध के क्षेत्र में भी डॉ. यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। योग विषय पर उनकी दो दर्जन से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जबकि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में उनके सैकड़ों शोध पत्र भी प्रकाशित हुए हैं। उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय में योग शिक्षा को आधुनिक दृष्टिकोण के साथ विद्यार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. यादव को मिले इस सम्मान पर लखनऊ विश्वविद्यालय परिवार और योग एवं वैकल्पिक चिकित्सा संकाय के शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं ने प्रसन्नता व्यक्त की।


Comments