नवीनतम
राजनीति
अपराध नियंत्रण और त्योहारों की सुरक्षा को लेकर एसपी सख्त, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
वांछितों की गिरफ्तारी, साइबर अपराध और जनशिकायतों की समीक्षा; बाजारों व छठ घाटों पर बढ़ेगी निगरानी
ब्यूरो रिपोर्ट
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सैनिक सम्मेलन, मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी और आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें अपराध नियंत्रण, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों, साइबर अपराध और विभिन्न अभियानों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सैनिक सम्मेलन में एसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं एवं सुझाव सुने और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी।
अपराध समीक्षा के दौरान वाहन चोरी, नकबजनी और अन्य चोरी की घटनाओं का खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी गए माल की बरामदगी तथा लंबित गैर-जमानती वारंटों का शीघ्र निष्पादन करने पर जोर दिया गया। एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्ती की कार्रवाई, साइबर अपराध की शिकायतों, ठगी की धनराशि होल्ड कराकर पीड़ितों को वापस दिलाने तथा सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइल फोन बरामद करने की भी समीक्षा की गई।
एसपी ने आईजीआरएस एवं जनसुनवाई से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने तथा 60/90 दिनों से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। वांछित एवं पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ ही अपहृताओं की बरामदगी में तेजी लाने पर भी बल दिया गया।
त्योहारों पर बाजारों और घाटों पर रहेगी विशेष निगरानी
आगामी धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, चित्रगुप्त जयंती और डाला छठ के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। एसपी ने संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, बाजारों, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और पूजा पंडालों में नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
पटाखा बिक्री स्थलों पर सुरक्षा मानकों और अग्निशमन व्यवस्था का पालन कराने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात सुचारु रखने तथा छठ घाटों पर प्रकाश, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया। साथ ही पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने और सोशल मीडिया पर निगरानी रखते हुए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी थाना प्रभारियों को त्योहारों के दौरान सतर्क रहकर अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।


Comments