नवीनतम
फीचर्ड
भारत
कागजों में लाखों का कुआं जगत निर्माण! जमीन पर सिर्फ मरम्मत, सिकटा ग्राम पंचायत में भुगतान पर उठे गंभीर सवाल
मीरजापुर।
मीरजापुर। हलिया विकास खण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिकटा में कुओं के जगत निर्माण के नाम पर सरकारी धन के कथित बंदरबांट का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि तीन लोगों के कुओं के जगत निर्माण के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान निकाल लिया गया, जबकि मौके पर नया जगत निर्माण नहीं कराया गया। ग्रामीणों के अनुसार केवल पुराने निर्माण में हल्का-फुल्का मरम्मत कार्य कराकर सरकारी धन के खर्च का खेल किया गया है।

मामला ग्राम पंचायत सिकटा निवासी कोमल कोल, अमरेश कोल और दया कोल के कुओं से जुड़ा बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इन तीनों कुओं का जगत पहले से ही पिछले पंचवर्षीय कार्यकाल में तत्कालीन ग्राम प्रधान द्वारा बनवाया गया था। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि जब जगत पहले से निर्मित था तो दोबारा निर्माण के नाम पर आखिर किस आधार पर भुगतान कराया गया?

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कागजों पर निर्माण कार्य दिखाकर सरकारी धन निकालने का खेल किया गया, जबकि धरातल पर नया निर्माण नजर नहीं आता। यदि वास्तव में तीन कुओं के जगत निर्माण के लिए धन स्वीकृत और भुगतान किया गया है तो प्रशासन को मौके पर जांच कर यह स्पष्ट करना चाहिए कि कितना धन स्वीकृत हुआ, कितना भुगतान हुआ और वास्तव में कितना निर्माण कार्य कराया गया।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा है कि केवल कागजी जांच से सच सामने नहीं आएगा, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर कुओं की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करना चाहिए। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच करता है या फिर सरकारी धन के कथित खेल पर पर्दा डाल दिया जाता है।


Comments