मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता, इसके लिए विजन और समर्पण चाहिए: योगी

देवीपाटन मंडल के 46,800 विद्यार्थियों को बांटे टैबलेट, बोले- 2017 से पहले यूपी में था ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’, आज प्रदेश माफिया, कर्फ्यू और दंगा मुक्त

हर्षिता यादव  Picture
Published On

गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के 46,800 छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। इस अवसर पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता। इसके लिए स्पष्ट विजन, समय और समर्पण चाहिए। घोषणाएं करने से पहले विपक्ष को अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उसने युवाओं, किसानों, महिलाओं और प्रदेश के विकास के लिए क्या किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश को माफिया और उपद्रव का प्रदेश बनाकर युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ की स्थिति थी, जबकि आज यूपी माफिया, कर्फ्यू और दंगा मुक्त है। परिवारवादियों की सोच सैफई तक सीमित थी, लेकिन उनकी सरकार ने 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानकर प्रदेश की तकदीर बदलने का संकल्प लिया।

टैबलेट चलता-फिरता विश्वविद्यालय, स्किल पर दें रोज 30 मिनट

मुख्यमंत्री ने कहा कि टैबलेट केवल डिजिटल डिवाइस नहीं, बल्कि युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। इसके माध्यम से शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और कौशल विकास के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने युवाओं से अपील की कि रील देखने में 30 सेकंड लगाने के बजाय कौशल निखारने के लिए प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट दें।

कच्छ में भीषण सड़क हादसा, सैन्य परिवारों के सात लोगों की मौत; पीएम मोदी ने जताया शोक Read More कच्छ में भीषण सड़क हादसा, सैन्य परिवारों के सात लोगों की मौत; पीएम मोदी ने जताया शोक

मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता, इसके लिए विजन और समर्पण चाहिए: योगी

धनरुआ में 32 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य, 83 टीमें घर-घर कर रहीं भ्रमण Read More धनरुआ में 32 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य, 83 टीमें घर-घर कर रहीं भ्रमण

टैबलेट के साथ अपने सपनों और संकल्पों को भी हमेशा चार्ज रखें। उन्होंने आगाह किया कि हर वायरल कंटेंट सही नहीं होता, इसलिए किसी भी सामग्री को साझा करने से पहले उसकी तथ्यात्मक जांच जरूर करें। युवाओं को इस टैबलेट से अपनी फीड नहीं, बल्कि अपना भविष्य संवारना चाहिए।

धनरूआ अंचल में दो माह से कामकाज प्रभावित, ग्रामीणों और किसानों की बढ़ी परेशानी Read More धनरूआ अंचल में दो माह से कामकाज प्रभावित, ग्रामीणों और किसानों की बढ़ी परेशानी

साढ़े नौ साल में देवीपाटन मंडल को मिले 36 हजार करोड़

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले गोंडा का नाम देश के सबसे गंदे शहरों में शामिल था। देवीपाटन शक्तिपीठ तक पहुंचने वाली सड़कें खराब थीं और मंडल के तीन जिले नीति आयोग की आकांक्षी जिलों की सूची में शामिल थे। आज गोंडा में मेडिकल कॉलेज बन चुका है, बहराइच में मेडिकल कॉलेज संचालित है और बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण हुआ है। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। श्रावस्ती में एयरपोर्ट तैयार है और जल्द ही हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार ने अकेले देवीपाटन मंडल के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

सपा-बसपा के सात कार्यकाल से दोगुनी नियुक्तियां देने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उनके मुताबिक, सपा और बसपा के सात कार्यकालों में जितनी नियुक्तियां हुईं, उससे दोगुने से अधिक नियुक्तियां भाजपा सरकार ने दी हैं। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र युवाओं के परिश्रम का सम्मान हैं, जबकि टैबलेट उनके हुनर को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं।

योगी ने बताया कि युवा साथी ऐप के माध्यम से टैबलेट में 18 हजार से अधिक शैक्षिक सामग्री और निशुल्क पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। विद्यार्थी छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की जानकारी एक क्लिक पर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए करने की सलाह दी और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने को कहा।

120 से बढ़कर 25 हजार से अधिक हुए स्टार्टअप

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में मुश्किल से 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है। स्टार्टअप इकोसिस्टम युवाओं को नौकरी पाने के साथ नौकरी देने वाला भी बना रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में शिक्षा व्यवस्था जर्जर थी और माफिया का दबदबा था। आज ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार के माध्यम से स्कूलों व इंटर कॉलेजों में स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी, फर्नीचर, खेल मैदान और अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं।

विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी करने वाले और नोएडा जाने से बचने वाले लोग आज युवाओं के पास प्रमाणपत्र लेकर पहुंचने का प्रयास करेंगे। पिछली सरकारों की सोच कट्टा और बम तक सीमित थी, जबकि आज उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस जैसी मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र निवेश के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं।

हर जिले में बनेंगे स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रत्येक जिले में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किया जा रहा है। यहां दसवीं, बारहवीं, स्नातक और परास्नातक युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जाएगा। जापान और जर्मनी जाने के इच्छुक युवाओं को सरकार अपने खर्च पर संबंधित भाषाओं का प्रशिक्षण दिलाने का प्रयास करेगी, ताकि उन्हें विदेश में रोजगार के अवसर मिल सकें।

उन्होंने बाराबंकी-बहराइच चार लेन एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर के लिए सात हजार करोड़ रुपये की स्वीकृति, गोंडा-लखनऊ मार्ग के चौड़ीकरण, घाघरा नदी पर चार लेन पुल, अयोध्या-बलरामपुर-श्रावस्ती कॉरिडोर, रुपईडीहा में लैंड पोर्ट और औद्योगिक लॉजिस्टिक कॉरिडोर के विकास का भी उल्लेख किया। कतर्नियाघाट और चित्तौरा झील को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना की जानकारी दी।

2047 के विकसित भारत के सारथी बनेंगे युवा

मुख्यमंत्री ने युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य रखा है। उस समय आज के युवा ही देश और प्रदेश का नेतृत्व करेंगे। युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए।

कार्यक्रम में केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री एवं गोंडा के सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, सांसद कैसरगंज करण भूषण सिंह, सांसद बहराइच आनंद कुमार गोंड सहित मंडल के कई विधायक, विधान परिषद सदस्य और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

इनसेट: मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर दिए टैबलेट

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर टैबलेट वितरित किए। इनमें गोंडा की प्रियंका चतुर्वेदी, सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, अर्चिता और सैयद अनस; बहराइच की अमिता जायसवाल, समा बेगम, कुंज बिहारी और शिवेंद्र प्रताप सिंह; श्रावस्ती की रिधिमा वैश्य, साधना मिश्रा, जैनब, भूपेंद्र विश्वकर्मा और राजवीर सिंह तथा बलरामपुर की अर्चना शुक्ला, रमन द्विवेदी, सौम्या पांडेय, अभिजीत भट्ट और मोहम्मद सुलेमान सिद्दीकी शामिल रहे।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें