फीचर्ड
राजनीति
भारत
दीपावली और छठ पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश, कटौती बर्दाश्त नहीं
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने अधिकारियों को चेताया, बिजली चोरी के नाम पर छोटे उपभोक्ताओं को परेशान करने पर जताई नाराजगी
लखनऊ। दीपावली और छठ पर्व के दौरान प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों पर अनावश्यक बिजली कटौती और शटडाउन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही, बकाया वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने और उन्हें परेशान करने से बचने को कहा। मंत्री ने बुधवार देर रात शक्ति भवन में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक कर आपूर्ति व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
बिजली चोरी पर निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश
ऊर्जा मंत्री ने विजिलेंस टीमों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि संगठित तरीके से बड़े पैमाने पर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इसके बजाय गरीबों, छोटे उपभोक्ताओं और दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान करना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी की जांच जरूरी है, लेकिन कार्रवाई निष्पक्ष और नियमानुसार होनी चाहिए।
झटपट पोर्टल के लंबित आवेदनों का हो निस्तारण
विद्युत कनेक्शन के लिए झटपट पोर्टल पर बड़ी संख्या में आवेदन लंबित रहने और बिना उचित कारण आवेदन निरस्त किए जाने पर भी मंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को लंबित आवेदनों का तत्काल निस्तारण करने और निरस्तीकरण के मामलों की समीक्षा कर व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए।
Read More एकमा में प्रखंड स्तरीय वासंतिक (रबी) कार्यशाला आयोजित, किसानों को दी गई खेती की तकनीकी जानकारीनियमित बिल जमा करने वालों को मिले राहत
ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने में देरी पर नाराजगी जताते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या नहीं झेलनी चाहिए। जहां जरूरत हो, वहां ट्रांसफार्मरों की क्षमता तत्काल बढ़ाई जाए। वहीं, बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
नई नगर पंचायतों में भी बेहतर आपूर्ति पर जोर
नवसृजित नगर पंचायतों की बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि आधारभूत ढांचे के विकास के लिए नगर विकास विभाग की ओर से करीब एक हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाने के बावजूद कई नगर पंचायतों में ग्रामीण क्षेत्रों जैसी बिजली आपूर्ति होना उचित नहीं है। उन्होंने इन क्षेत्रों में मुख्यालयों की तर्ज पर निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर नगर विकास विभाग अतिरिक्त बजट देने को तैयार है, इसलिए व्यवस्था सुधारने में देरी नहीं होनी चाहिए।
बिजली बिल में 9.70 प्रतिशत राहत
ऊर्जा मंत्री ने नवंबर माह के बिजली बिलों में उपभोक्ताओं को 9.70 प्रतिशत की राहत मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इससे घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। उनके अनुसार, यह लगातार पांचवें महीने दी जा रही राहत है। बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी समेत विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Comments