फीचर्ड
राजनीति
भारत
एनसीसी कैडेट्स ने मलिन बस्ती में बांटे वस्त्र, जरूरतमंद परिवारों के साथ मनाई दीपावली
लखनऊ विश्वविद्यालय की 64 यूपी बटालियन ने चलाया सेवा अभियान, बच्चों को मिठाइयां और उपहार देकर साझा कीं त्योहार की खुशियां
लखनऊ। दीपावली की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से लखनऊ विश्वविद्यालय की 64 यूपी बटालियन एनसीसी ने रविवार को मलिन बस्ती में वस्त्र वितरण अभियान चलाया। सामाजिक सेवा एवं सामुदायिक विकास गतिविधियों के तहत आयोजित इस अभियान में एनसीसी कैडेट्स ने जरूरतमंद परिवारों और बच्चों को नए वस्त्र, मिठाइयां तथा उपहार वितरित किए।
एसोसिएट एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट (डॉ.) रजनीश कुमार यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में वर्तमान कैडेट्स के साथ बटालियन के पूर्व कैडेट्स ने भी सक्रिय भागीदारी की। सभी ने बस्ती के परिवारों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं और सामाजिक सौहार्द एवं सहयोग का संदेश दिया।
पूर्व कैडेट्स ने भी बढ़ाया सहयोग का हाथ
अभियान की खास बात बटालियन के पास आउट कैडेट्स की सहभागिता रही। पूर्व कैडेट्स ने वस्त्र वितरण में योगदान देने के साथ वर्तमान कैडेट्स के साथ मिलकर जरूरतमंद परिवारों को त्योहार की खुशियों में शामिल किया। इस पहल के माध्यम से कैडेट्स ने सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक एकजुटता की मिसाल पेश की।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट (डॉ.) रजनीश कुमार यादव ने कहा कि दीपावली का वास्तविक संदेश दूसरों के जीवन में प्रकाश और मुस्कान लाना है। एनसीसी का उद्देश्य युवाओं में सैन्य अनुशासन विकसित करने के साथ सेवा भावना और सामाजिक दायित्व का बोध कराना भी है। ऐसे कार्यक्रम कैडेट्स को समाज की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ते हैं और उन्हें संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर बस्ती के लोगों ने एनसीसी बटालियन और विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार जताया। अभियान में बटालियन के अनेक कैडेट्स एवं सदस्य मौजूद रहे।


Comments