श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा सुविधा हेतु आयोजित होगा श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर

Ambedkarnagar Swatantra Prabhat Picture
Published On

अम्बेडकरनगर।
 
शासन द्वारा निर्गत निर्देशों तथा जिलाधिकारी, अम्बेडकरनगर के आदेश संख्या 2414-17/श्रम अम्बे0 / श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर/2026, दिनांक 03.10.2026 के अनुपालन में जनपद अम्बेडकरनगर में श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सीय परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिनांक 06 अक्टूबर से 08 अक्टूबर तक तीन दिवसीय “श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर” का आयोजन लेबर अड्डा, शहजादपुर, अकबरपुर, अम्बेडकरनगर में किया जाएगा।
 
जिलाधिकारी, अम्बेडकरनगर ईशा प्रिया के निर्देशानुसार शिविर के सुचारु, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन हेतु जनपद स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति में जिलाधिकारी को अध्यक्ष तथा मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, कर्मचारी राज्य बीमा निगम एवं कर्मचारी राज्य बीमा योजना के संबंधित अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, सहायक निदेशक कारखाना तथा सहायक श्रमायुक्त सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को सदस्य एवं समन्वयक के रूप में नामित किया गया है। शिविर में आने वाले श्रमिकों को आवश्यक चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक महिला चिकित्सक, एक पुरुष चिकित्सक तथा आवश्यक पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही आवश्यक औषधियां, मेडिकल किट एवं अन्य चिकित्सीय सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे श्रमिकों को शिविर स्थल पर ही स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सीय परामर्श की सुविधा प्राप्त हो सके।
 
शिविर के सफल एवं प्रभावी आयोजन के लिए संबंधित विभागों को अपने-अपने विभाग से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने तथा निर्धारित तिथियों में शिविर स्थल पर उपस्थित रहकर विभागीय कार्यों का समुचित समन्वय एवं निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
 
सहायक श्रमायुक्त, अम्बेडकरनगर ने जनपद के श्रमिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में उपस्थित होकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के निकट आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति संवेदनशील एवं प्रभावी पहल सुनिश्चित करना है।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें