नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
ज्वैलर्स की दुकान में नकबजनी का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार
मुठभेड़ में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, दो ने किया आत्मसमर्पण; तमंचा, कारतूस, चांदी के आभूषण और नकदी बरामद
टूण्डला पुलिस ने 3 जुलाई को श्री जी ज्वैलर्स में हुई नकबजनी की घटना का किया खुलासा। पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चांदी के आभूषण, गैस सिलेंडर, चोरी में प्रयुक्त औजार और 10 हजार रुपये बरामद किए गए।
टूण्डला।
थाना टूण्डला पुलिस ने 3 जुलाई 2026 को कस्बा टूण्डला स्थित श्री जी ज्वैलर्स की सर्राफा दुकान में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। कार्रवाई 7 सितंबर 2026 को की गई।
अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के पर्यवेक्षण में जनपद में नकबजनी की घटनाओं के सफल अनावरण एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी टूण्डला के नेतृत्व में थाना टूण्डला पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना टूण्डला पर दर्ज मुकदमा संख्या 318/26, धारा 331(4)/305 बीएनएस से संबंधित आरोपी पुराने बाईपास स्थित गेल गैस प्लांट से पहले खाली पड़े प्लॉट में मौजूद हैं और चोरी का माल बेचने तथा नई घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक थाना टूण्डला बैजनाथ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, संदिग्धों को आत्मसमर्पण के लिए कहा गया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से बारी-बारी दो फायर किए। पुलिस टीम द्वारा बार-बार आत्मसमर्पण के लिए कहने के बाद भी आरोपियों के नहीं मानने पर आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से एक आरोपी सौदागर शेख घायल हो गया।
घायल आरोपी सौदागर शेख पुत्र फैजुल शेख निवासी कुरवानी टोला, थाना मानिक चौक, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल, हाल निवासी भूड़ भरत नगर, थाना विजय नगर, जनपद गाजियाबाद को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं अन्य दो आरोपी गंगा उर्फ गौरव पुत्र रामपूत निवासी उडेसर, थाना एका, जिला फिरोजाबाद, हाल निवासी नगला समन, थाना कोतवाली देहात, जनपद एटा तथा अजीत कुमार पुत्र भीष्मपाल निवासी नगला समन, थाना कोतवाली देहात, जनपद एटा ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा सफेद धातु/चांदी का सामान भी बरामद किया गया, जिसमें बिछवा, पायल, पांच मंगलसूत्र, सात हाथ के ब्रेसलेट, दो हाथ के कंगन, लक्ष्मी और गणेश की एक-एक मूर्ति, एक शुभ-लाभ, एक स्वास्तिक, दो सिक्के, दो अंगूठियां, दो कुबेर यंत्र पत्ती, तीन दिए, चार जोड़ी कानों के टोकस तथा चार कांच के मोती की मालाएं शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त दो ऑक्सीजन सिलेंडर, पांच लीटर क्षमता का लाल रंग का गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रिक तराजू, लोहे का सब्बल, लोहे की छेनी, एक पेचकस और 10,000 रुपये नकद बरामद किए गए।
3 जुलाई को दर्ज हुआ था मुकदमा
3 जुलाई 2026 को श्री जी ज्वैलर्स कस्बा टूण्डला की सर्राफा दुकान में नकबजनी की घटना के संबंध में थाना टूण्डला पर मु0अ0सं0 318/26, धारा 331(4)/305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम द्वारा घटना के अनावरण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. सौदागर शेख पुत्र फैजुल शेख, निवासी कुरवानी टोला, थाना मानिक चौक, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल, हाल निवासी भूड़ भरत नगर, थाना विजय नगर, जनपद गाजियाबाद।
2. गंगा उर्फ गौरव पुत्र रामपूत, निवासी उडेसर, थाना एका, जिला फिरोजाबाद, हाल निवासी नगला समन, थाना कोतवाली देहात, जनपद एटा।
3. अजीत कुमार पुत्र भीष्मपाल, निवासी नगला समन, थाना कोतवाली देहात, जनपद एटा।
सौदागर शेख का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार सौदागर शेख के विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें थाना बागवाला जनपद एटा का मु0अ0सं0 133/26, थाना टूण्डला का मु0अ0सं0 318/26 एवं 436/26 तथा महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना के विभिन्न थानों में दर्ज मामले शामिल हैं।
गंगा उर्फ गौरव का आपराधिक इतिहास
गंगा उर्फ गौरव के विरुद्ध थाना बागवाला जनपद एटा का मु0अ0सं0 133/26 तथा थाना टूण्डला के मु0अ0सं0 318/26 एवं 436/26 दर्ज हैं।
अजीत कुमार का आपराधिक इतिहास
अजीत कुमार के विरुद्ध थाना टूण्डला में मु0अ0सं0 318/26 धारा 331(4)/305 बीएनएस तथा मु0अ0सं0 436/26 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी राजा का ताल अंकित कुमार, उपनिरीक्षक हर्षित कुमार, उपनिरीक्षक प्रशान्त कुमार, उपनिरीक्षक विजय कुमार, हेड कांस्टेबल 818 कर्मवीर, हेड कांस्टेबल 681 हरवेन्द्र, कांस्टेबल 559 आशीष राजपूत, कांस्टेबल 187 मोहन सिंह, कांस्टेबल 1162 प्रदीप कुमार तथा कांस्टेबल 1204 पुष्पेन्द्र शामिल रहे।


Comments