नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
एकमा नगर व प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में आयोजित हुआ अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर हुई चर्चा
उत्क्रमित मध्य विद्यालय गौसपुर में प्रधानाध्यापक मंजीत कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुआ पीटीएम का आयोजित
एकमा (सारण)। राज्य सरकार के निर्देश एवं निर्धारित कार्यक्रम के आलोक में शनिवार को सारण जिले के एकमा नगर एवं प्रखंड क्षेत्र के सभी सरकारी प्रारंभिक विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) का आयोजन किया गया। नवंबर माह की इस संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘संस्कार दीप – आत्मविश्वास और व्यवहार’ निर्धारित किया गया था। इस अवसर पर विद्यालयों में बच्चों के शैक्षणिक विकास, आत्मविश्वास, सकारात्मक व्यवहार एवं अभिव्यक्ति कौशल को बेहतर बनाने के साथ-साथ अभिभावकों की शिक्षा में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसी क्रम में एकमा प्रखंड के गौसपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में प्रधानाध्यापक मंजीत कुमार तिवारी की अध्यक्षता में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित कर बच्चों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति, अच्छी आदतों के विकास तथा घर पर पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
संगोष्ठी का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, सकारात्मक व्यवहार एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास करने के साथ-साथ अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक और सक्रिय बनाना था। इस दौरान अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई में नियमित सहयोग करने, उनकी अच्छी आदतों को प्रोत्साहित करने तथा विद्यालय के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस संगोष्ठी में प्रधानाध्यापक मंजीत कुमार तिवारी, शिक्षक दिग विजय कुमार गुप्ता, अंजू कुमारी, सोनाली नंदा, कमल कुमार सिंह, छवि नाथ मांझी, राज महम्मद अंसारी, अभिभावक ओम प्रकाश पांडेय, आदित्य कुमार श्रीवास्तव, गुलशन कुमार पांडेय, मुन्नी देवी, रुबी देवी, गुल मोहम्मद, राजू नट, अभिषेक कुमार आदि अन्य लोग मौजूद थे। 
निर्धारित कार्यक्रम के तहत ‘मेरा बच्चा, मेरी नजर में’ गतिविधि के माध्यम से बच्चों की विशेषताओं, अच्छी आदतों एवं उनकी उपलब्धियों को सामने लाने पर जोर दिया गया। इस गतिविधि के अंतर्गत अभिभावकों को अपने बच्चों की किसी विशेष खूबी, अच्छी आदत अथवा ऐसी बात को साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिस पर उन्हें गर्व हो। इसके लिए विद्यालय में चार्ट पेपर पर ‘मेरा बच्चा, मेरी नजर में’ लिखकर बच्चों की विशेषताओं को प्रदर्शित करने की व्यवस्था निर्धारित की गई थी। अभिभावकों को अपनी बात लिखने में सहायता देने तथा बच्चों की खूबियों को पहचानने और उन्हें प्रोत्साहित करने की पहल की गई।
संगोष्ठी में अभिभावक-शिक्षक संकल्प के माध्यम से बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति, प्रतिदिन घर पर पढ़ने-लिखने का अभ्यास, गिनती का अभ्यास, गृह कार्य तथा उनकी किताबों एवं कॉपियों की नियमित जांच जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। अभिभावकों को बच्चों के साथ प्रतिदिन कुछ समय बिताने और उनकी सीखने की प्रक्रिया में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया। अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, अच्छी आदतों तथा सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों पर शिक्षकों के साथ नियमित चर्चा करने की महत्ता बताई गई। साथ ही, प्रत्येक बच्चे की सीखने की प्रगति पर ध्यान देने और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सहयोग उपलब्ध कराने के महत्व को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय में बच्चों के लिए सुरक्षित, आनंददायक, सहयोगात्मक एवं सम्मानजनक वातावरण तैयार करने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई, ताकि प्रत्येक बच्चा बिना किसी डर या झिझक के अपनी बात रख सके और बेहतर ढंग से सीख सके।
संगोष्ठी के माध्यम से अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच आपसी सहयोग को मजबूत बनाने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया गया। विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक प्रगति एवं सकारात्मक व्यवहार के विकास में अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इस प्रकार निर्धारित थीम ‘संस्कार दीप – आत्मविश्वास और व्यवहार’ के अंतर्गत आयोजित अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी बच्चों की शिक्षा में अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने तथा विद्यालय और परिवार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।
उधर, इस अवसर पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय गौसपुर, आमडाढी, लाकठ छपरा, बेसिक स्कूल रसूलपुर, योगिया, असहनी, माने, हंसराजपुर, रीठ, हुस्सेपुर, परसागढ़ हिन्दी, एकसार, माधोपुर, देवढ़िया, भुईली, बनवारी अमनौर, अतरसन, भरहोपुर, हरपुर, मठनपुरा, टोला डोमन राय, टेसुआर, कन्या मध्य विद्यालय एकमा, बेनौत, कन्या प्राथमिक विद्यालय कर्णपुरा, प्राथमिक विद्यालय राजापुर, रामपुर, बंशी छपरा, पांडेय छपरा, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय रामपुर मठिया, पचरुखिया, असहनी दक्षिण टोला, योगिया हरिजन टोला, भंडारी नाथ रीठ आदि विभिन्न विद्यालयों में आकर्षक पोस्टर, जागरूकता संबंधी गतिविधियों एवं संवाद के माध्यम से अभिभावकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।


Comments