नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
सोनपुर मेला में ग्राम श्री मंडप का ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने किया उद्घाटन, जीविका दीदियों के उत्पादों को मिल रहा भरपूर प्यार
15 जिलों की जीविका दीदियों के 35 स्टॉल पर 18 प्रकार के उत्पाद उपलब्ध, पिछले वर्ष हुई थी 1.22 करोड़ रुपये की बिक्री
छपरा/सोनपुर (सारण)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में ग्रामीण महिला उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम श्री मंडप का उद्घाटन शनिवार को ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने किया। इस मंडप में 15 जिलों से आई जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए 35 स्टॉल पर 18 प्रकार के उत्पादों की बिक्री की जा रही है। मेले में आने वाले आगंतुकों के बीच जीविका दीदियों के उत्पादों को भरपूर प्यार मिल रहा है।
उद्घाटन के अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि आज जीविका व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने सोनपुर मेला घूमने आने वाले लोगों से ग्राम श्री मंडप का भ्रमण करने और जीविका दीदियों द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता के मामले में यहां के उत्पाद बाजार में उपलब्ध अन्य उत्पादों से बेहतर हैं। इनकी खरीदारी से महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान ग्राम श्री मंडप में कुल एक करोड़ 22 लाख रुपये की बिक्री हुई थी। इस वर्ष इससे भी बेहतर बिक्री होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के जीवन में आए आर्थिक एवं सामाजिक बदलाव को देखना हो तो सोनपुर मेला स्थित ग्राम श्री मंडप का भ्रमण अवश्य करें। उन्होंने कहा कि कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली महिलाएं आज कुशल उद्यमी बनकर अपनी पहचान स्थापित कर रही हैं। पहले रोजगार के लिए मजदूरी पर निर्भर रहने वाली कई महिलाएं अब दूसरों को रोजगार भी उपलब्ध करा रही हैं।
ग्राम श्री मंडप में हस्तनिर्मित वस्तुओं से लेकर विभिन्न प्रकार की खाद्य सामग्री उपलब्ध है। सोनपुर की लिट्टी-चोखा, ऊनी वस्त्र एवं जैकेट, सुपौल का खाजा, बनियापुर की लहठी चूड़ी, पूर्वी चंपारण की शिप ज्वेलरी एवं बांस की कलाकृतियां तथा दरभंगा के पर्स सहित कई उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
40 महिलाओं को रोजगार दे रहीं जयमाला देवी:
सोनपुर प्रखंड की जीविका दीदी जयमाला देवी ने मंडप में ऊनी वस्त्र एवं जैकेट का स्टॉल लगाया है। उन्होंने बताया कि जीविका उनके जीवन में वरदान साबित हुई है। जीविका के माध्यम से समय पर ऋण के रूप में वित्तीय सहयोग और प्रशिक्षण मिलने से वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सफल हुईं। एक समय ऐसा था, जब उनका परिवार दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष करता था। आज वे न केवल एक सफल महिला उद्यमी बन चुकी हैं, बल्कि अपनी कला का विस्तार करते हुए आसपास की 40 अन्य जरूरतमंद जीविका दीदियों को भी रोजगार उपलब्ध करा रही हैं।
जिला परियोजना प्रबंधक अरुण कुमार ने बताया कि ग्राम श्री मंडप का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिला उद्यमियों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराना है, ताकि उनके उत्पादों की बिक्री बढ़े, आय में वृद्धि हो और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण की निदेशक वृष भानू कुमारी चंद्रा, जिला परियोजना प्रबंधक अरुण कुमार, गैर कृषि प्रबंधक अभिषेक श्रीवास्तव, संचार प्रबंधक दीपक कुमार सहित जीविका एवं जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के अन्य कर्मी मौजूद रहे।


Comments