‘भारत बौद्धिक्स 2.0’ के लिए 1.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण
पंजीकरण की अंतिम तिथि 5 नवंबर तक बढ़ी, 21 नवंबर को होगी प्रदेशव्यापी परीक्षा; मेधावियों को मिलेगा एक लाख रुपये तक का पुरस्कार
लखनऊ। भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित ‘भारत बौद्धिक्स 2.0 नेशनल एग्जामिनेशन-2026’ को विद्यार्थियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। प्रतियोगिता के लिए अब तक 1.60 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकरण करा चुके हैं। अधिकाधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 5 नवंबर कर दी गई है। परीक्षा का आयोजन 21 नवंबर को प्रदेशभर में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भारतीय ज्ञान, दर्शन, विज्ञान और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विभिन्न प्रयास कर रही है। ‘भारत बौद्धिक्स 2.0’ इसी पहल का हिस्सा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध बौद्धिक परंपरा, कला, साहित्य, दर्शन और वैज्ञानिक उपलब्धियों से परिचित कराना है। इसके माध्यम से युवाओं में अपनी सभ्यता और संस्कृति के प्रति समझ तथा गौरवबोध विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उच्च शिक्षा मंत्री ने तैयारियों की समीक्षा की
मंगलवार को उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने लखनऊ स्थित अपने आवास से वर्चुअल बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रदेश के राज्य, निजी और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, कुलसचिवों, परीक्षा नियंत्रकों, महाविद्यालयों के प्राचार्यों तथा क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारियों को पंजीकरण अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर प्राध्यापकों तथा नोडल अधिकारियों की सक्रिय टीमें गठित की जाएं। ये टीमें कक्षाओं तक पहुंचकर विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी इच्छुक छात्र इससे वंचित न रहे।
परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता पर जोर
परीक्षा के निष्पक्ष और व्यवस्थित संचालन के लिए विश्वविद्यालयों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति के निर्देश दिए गए हैं। कुलसचिवों को विश्वविद्यालय स्तरीय नोडल अधिकारी और परीक्षा नियंत्रकों को परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, सुरक्षित रखरखाव, परीक्षा केंद्रों तक समय से वितरण, केंद्रों पर अनुशासन और उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन एवं मूल्यांकन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन का सहयोग भी लिया जाएगा।
21 नवंबर को दो घंटे की ऑफलाइन परीक्षा
‘भारत बौद्धिक्स 2.0 नेशनल एग्जामिनेशन-2026’ का आयोजन 21 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। दो घंटे की ऑफलाइन परीक्षा में कला, विज्ञान, वाणिज्य और सामाजिक विज्ञान विषयों के स्नातक एवं परास्नातक विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे। परीक्षा का पाठ्यक्रम और विस्तृत दिशा-निर्देश आधिकारिक पोर्टल bharatboudhiks.com पर उपलब्ध हैं।
प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये
परीक्षा के बाद तीन चरणों में मूल्यांकन कर राष्ट्रीय स्तर पर मेधावियों का चयन किया जाएगा। प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी को एक लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले दो विद्यार्थियों को 50-50 हजार रुपये और तीसरा स्थान हासिल करने वाले चार विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा 300 विद्यार्थियों को 2,500-2,500 रुपये के सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।


Comments