लंबित भुगतान की मांग पर ठेकेदारों ने पालिका कार्यालय में किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
गलत आरोप पर पालिकाध्यक्ष ने विधिक कार्यवाही की कही बात
कोंच(जालौन)- नगर पालिका परिषद कोंच के पंजीकृत दो ठेकेदारों ने दो दर्जन निर्माण कार्यों को पूरा कराए जाने के बाद एडीएम के आदेश के बाद भी अब तक लंबित धनराशि का भुगतान न किए जाने से आक्रोशित होकर मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में हंगामा कर खूब नारेबाजी की। वहीं उक्त ठेकेदारों ने ईओ को ज्ञापन देकर जल्द ही लंबित भुगतान कराए जाने की मांग की है।
मोहल्ला सुभाष नगर निवासी ठेकेदार जितेंद्र सिंह एवं ठेकेदार विनय प्रताप सिंह ने ईओ मोनिका उमराव को दिए ज्ञापन में कहा कि बीते समय पूर्व उन्होंने पालिका वर्क आदेशानुसार नगर में 24 निर्माण कार्य संपन्न कराए थे। निर्माण कार्य संपन्न कराए जाने के काफी समय बाद भी जब लंबित धनराशि का भुगतान नहीं किया गया तो उन्होंने स्थानीय स्तर से लेकर एडीएम/प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय से इसकी शिकायत की थी।
एडीएम ने तत्काल लंबित धनराशि का भुगतान किए जाने के आदेश ईओ और पालिकाध्यक्ष को दिए थे, इसके बाद भी अब तक लंबित धनराशि का भुगतान उन्हें नहीं किया गया है। उक्त ठेकेदारों ने ज्ञापन में कहा कि उनका लंबित भुगतान न होने से त्योहारी सीजन में वह श्रमिकों की मजदूरी और निर्माण सामग्री विक्रेताओं का भुगतान वह नहीं कर पा रहे हैं, श्रमिक और निर्माण सामग्री विक्रेता उन पर दबाव बना रहे हैं जिसके चलते उन्हें मानसिक और आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है जिसको देखते हुए लंबित धनराशि का भुगतान शीघ्र ही कराया जाए।
इसके अलावा उक्त ठेकेदारों ने ज्ञापन के माध्यम से ईओ से कहा है कि जो भी पत्रावलियों को बकायदा सीन किया जाए और उस पर तारीख भी अंकित की जाए ताकि पिछली तारीखों में उन्हें पूर्व कि तरह नोटिस न दिए जा सकें एवं पत्रावलियों में शामिल अभिलेखों में हेराफेरी न की जा सके। वहीं ठेकेदार जितेंद्र सिंह ने अपने मौखिक बयान में पालिकाध्यक्ष पर उधार लिए 4 लाख रुपए अभी तक उन्हें न लौटाने का भी गंभीर आरोप लगाया है। ज्ञापन में लेवर ठेकेदार चंद्रभान, राजा आदि के भी हस्ताक्षर हैं।
गलत आरोप पर पालिकाध्यक्ष ने विधिक कार्यवाही की कही बात
शिकायतकर्ता दो ठेकेदारों सहित कुछ अन्य भी ठेकेदारों के लंबित धनराशि के भुगतान के पूरे मामले को लेकर पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता का कहना है कि वह इस संबंध में ईओ से जल्द ही वार्ता कर भुगतान अब तक न होने का कारण जानेंगे। वहीं ठेकेदार जितेंद्र सिंह द्वारा उधार लिए गए रुपयों को न लौटाने के लगाए गए आरोप पर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि आरोप पूरी तरह गलत है, वह इसके खिलाफ विधिक कार्यवाही करेंगे।
हस्ताक्षर कर फाइलें पालिकाध्यक्ष को भेजे जाने की ईओ ने कही बात
ठेकेदार जितेंद्र सिंह एवं विनय प्रताप सिंह द्वारा लंबित धनराशि का भुगतान न होने को लेकर दिए गए ज्ञापन के बाबत ईओ मोनिका उमराव का कहना है कि कराए गए निर्माण कार्यों की जांच हेतु पालिकाध्यक्ष एवं उनके हस्ताक्षर युक्त फाइलें जांच हेतु एडीएम कार्यालय भेजी गई थीं। वहां से जांच उपरांत तीन फाइलें यहां आयी जिस पर उन्होंने अपने हस्ताक्षर कर एकाउंटेंट के माध्यम से पालिकाध्यक्ष के हस्ताक्षर हेतु 9 और 14 अक्टूबर को ही भेज दी थी।
पालिकाध्यक्ष व सभासद विवाद की जांच करने पहुंचे कोतवाल
नगर पालिका परिषद कार्यालय में सोमवार की शाम पालिकाध्यक्ष व एक सभासद के बीच हुए विवाद में दोनों जनप्रतिनिधियों द्वारा कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर सौंपी गई थी। मंगलवार को इस मामले की जांच करने कोतवाल निगवेंद्र प्रताप सिंह पालिका कार्यालय पहुंचे। कोतवाल ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चैक कर विवाद से जुड़े पहलुओं की जांच की। कोतवाल ने बताया कि अग्रिम कार्यवाही के लिए जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। गौरतलब हो कि पालिकाध्यक्ष और एक सभासद के बीच हुए विवाद में नौबत गाली गलौच से बढ़कर हाथापाई तक जा पहुंची थी।
#LegalAction #LocalNews #SwatantraPrabhat #उत्तरप्रदेशसमाचार #स्थानीयसमाचार #UttarPradeshNews #स्वतंत्रप्रभात #CivicIssues #जनसमस्याएं #MunicipalCouncil #NagarPalika #JalaunNews #नगरपालिका #कोंचसमाचार #जालौनसमाचार #KonchNews #ContractorsProtest #ठेकेदारोंकाप्रदर्शन #PendingPayment #लंबितभुगतान #PaymentDispute #भुगतानविवाद #नगरपालिकापरिषद #MonikaUmrao #PradeepGupta #पालिका विवाद


Comments