कानपुर में 1.05 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने एक साथ गाया ‘वन्दे मातरम्’, नवंबर में लगेगा भव्य सेवा मेला

Abhinav Shukla Picture
Published On

कानपुर। कानपुर महानगर में मंगलवार को राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना का अनूठा दृश्य देखने को मिला। हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के आह्वान पर शहर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और विद्यालयों में आयोजित विशेष प्रार्थना सभाओं में सूचना लिखे जाने तक **1,05,791 छात्र-छात्राओं, आचार्यों और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से ‘वन्दे मातरम्’ का गायन किया।** राष्ट्रगीत के स्वरों से विद्यालय परिसर गूंज उठे और विद्यार्थियों में देशभक्ति, एकता तथा सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
 
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और संस्थान के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को आगामी **हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले** की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 26 से 30 नवंबर 2026 तक बेनाझाबर स्थित बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह स्थल बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के समीप है।
 
वक्ताओं ने कहा कि सेवा मेला भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण, पारिवारिक एवं मानवीय मूल्यों और सामाजिक सेवा से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में सहभागिता करने की अपील की गई।
 
विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सेवा मेले को सफल बनाने का संकल्प लिया। आयोजकों को उम्मीद है कि इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा कार्यों से जोड़ने में मदद मिलेगी।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें