फीचर्ड
राजनीति
भारत
मीटर के लोड सर्वे डाटा से पकड़ी गई बिजली चोरी, अहरौरा में दो आटा चक्की संचालकों पर मुकदमा दर्ज।
चुनार, मीरजापुर।
संवाददाता अनिल मिश्रा।
मीरजापुर।रजापुर।विद्युत वितरण खण्ड चुनार ने मीटर के लोड सर्वे डाटा के विश्लेषण से बड़ी बिजली चोरी पकड़ी है। अधिशासी अभियन्ता शुभम मिश्रा के नेतृत्व में चले अभियान के तहत अहरौरा क्षेत्र में दो औद्योगिक परिसरों में बिजली चोरी के मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में विद्युत चोरी निरोधक थाना, मीरजापुर में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं 138 के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विभाग द्वारा अधिक भार वाले उपभोक्ताओं के मीटरों से एम.आर.आई. द्वारा प्राप्त लोड सर्वे डाटा का विश्लेषण किया गया। इसमें ऐसे संयोजन चिन्हित किए गए जिनके मीटर प्रतिदिन एक ही समय पर बंद हो जाते थे, जबकि क्षेत्र में आपूर्ति सामान्य थी। इसी आधार पर की गई स्थलीय जांच में चोरी पकड़ी गई।पहला मामला दिनांक 28.10.2026 की रात्रि का है। चौक बाजार, अहरौरा स्थित श्री हिमांशु गुप्ता के औद्योगिक परिसर में स्वीकृत भार 26 किलोवाट के सापेक्ष आटा चक्की चलती मिली, जबकि मीटर में वोल्टेज एवं करंट शून्य था। क्लैम्प मीटर से जांच पर लाइन में 36-38 एम्पियर करंट पाया गया, जो मीटर में दर्ज नहीं हो रहा था।
प्रयोगशाला परीक्षण में मीटर के अंदर रिमोट कंट्रोल्ड उपकरण लगा पाया गया, जिससे प्रतिदिन रात्रि 20:00 से प्रातः 07:00 बजे तक मीटर बंद कर चक्की चलाई जा रही थी। मौके पर संयोजित भार 44.24 किलोवाट पाया गया।
दूसरा मामला दिनांक 31.10.2026 को ग्राम पट्टीकला, अहरौरा स्थित श्री प्रहलाद प्रसाद के औद्योगिक परिसर में मिला। यहां स्वीकृत भार 50 के.वी.ए. के परिसर में परिवर्तक से आने वाली न्यूट्रल केबल काटकर घरेलू संयोजन के न्यूट्रल को एम.सी.बी. के माध्यम से जोड़ा गया था। एम.सी.बी. बंद करते ही मीटर रुक जाता था और चक्की चलती रहती थी। लोड सर्वे के अनुसार मीटर प्रतिदिन रात्रि 23:00 से प्रातः 07:00 बजे तक बंद रहता था। संयोजित भार 54.13 किलोवाट पाया गया।
दोनों प्रकरणों में आपूर्ति विच्छेदित कर मीटर सील किए गए। जांच दल में उपखण्ड अधिकारी संजय यादव, सहायक अभियन्ता विनय सिंह, अवर अभियन्ता पंचधारी सिंह एवं प्रवर्तन दल के अधिकारी शामिल रहे। अधिशासी अभियन्ता शुभम मिश्रा ने बताया कि चोरी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और उपभोक्ताओं से मीटर से छेड़छाड़ न करने के लिए अपील किया गया।।


Comments