श्रीभूमि के दुल्लभछड़ा में रसोई गैस संकट, गाजी गैस एजेंसी पर समय पर आपूर्ति नहीं करने का आरोप

बुकिंग के बावजूद कई दिनों तक DAC नंबर और OTP नहीं मिलने की शिकायत!  बुजुर्गों एवं महिलाओं को पूरा दिन से शाम तक कतार में खड़े रहने की मजबूरी! मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग।

हर्षिता यादव  Picture
Published On

श्रीभूमि संवाददाता स्वतंत्र प्रभात :
 
रसोई गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के दुल्लभछड़ा क्षेत्र के अनेक उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि रामकृष्णनगर क्षेत्र की गाजी गैस एजेंसी उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने में विफल साबित हो रही है।
 
इसके चलते आम लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कई सप्ताह के लंबे इंतजार के बाद रविवार, 1 नवंबर को गैस आने की खबर मिलते ही सुबह से शाम तक दुल्लभछड़ा गैस एजेंसी के सामने उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई।
 
कतार में बुजुर्ग पुरुषों और महिलाओं की भी काफी संख्या देखी गई। उपभोक्ताओं का आरोप है कि पूरे दिन इंतजार करने के बाद शाम को किसी तरह कुछ लोगों को सिलेंडर मिल पाया, जबकि कई उपभोक्ताओं को गैस का स्टॉक समाप्त होने की बात कहकर खाली हाथ घर लौटना पड़ा।
 
उपभोक्ताओं की एक अन्य गंभीर शिकायत यह है कि गैस बुकिंग कराने के बावजूद कई दिनों तक उनके मोबाइल पर DAC नंबर अथवा OTP नहीं आ रहा है। वहीं, कुछ मामलों में बुकिंग के बाद लगभग DAC No होने के बावजूद सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके कारण एक सिलेंडर प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं को कई तरह की परेशानियों और प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ रहा है। गैस की अनुपलब्धता के चलते अनेक परिवारों के सामने रोजमर्रा का भोजन तैयार करने तक की समस्या उत्पन्न हो रही है।
 
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले वर्ष स्थिति इतनी खराब नहीं थी, लेकिन अब गैस सेवा को लेकर समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक ओर विकास और आधुनिक सुविधाओं की बातें की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर आम लोगों को रसोई गैस जैसी बुनियादी जरूरत के लिए भी घंटों इंतजार और परेशानी झेलनी पड़ रही है। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं तथा दूरदराज के गांवों से आने वाले उपभोक्ताओं की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
 
इस परिस्थिति में पीड़ित उपभोक्ताओं ने राज्य के मुख्यमंत्री एवं श्रीभूमि जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनकी मांग है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को जल्द दुरुस्त किया जाए, बुकिंग के बाद DAC नंबर और OTP समय पर भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित समय के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, उपभोक्ताओं की शिकायतों की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएं अब देखना यह है कि उपभोक्ताओं की इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित गैस एजेंसी और जिला प्रशासन क्या कदम उठाते हैं। आम लोगों ने रसोई गैस जैसी आवश्यक सेवा में पारदर्शिता, नियमित आपूर्ति और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें