राजनीति
लखनऊ में प्रदेश के पहले अत्याधुनिक डॉग एबीसी सेंटर का लोकार्पण
मंत्री ए.के. शर्मा बोले—पशु कल्याण और नागरिक सुरक्षा में संतुलन जरूरी, लखनऊ को विश्वस्तरीय सुविधाओं वाला शहर बनाने पर जोर
लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बुधवार को इंदिरा नगर के जरहरा स्थित प्रदेश के पहले अत्याधुनिक डॉग एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) एवं प्रशिक्षण केंद्र का लोकार्पण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र पशु कल्याण, वैज्ञानिक प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा के बीच संतुलन का उदाहरण है। निराश्रित श्वानों के प्रबंधन में संवेदनशीलता बरतने के साथ नागरिकों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
.jpeg)
मंत्री ने कहा कि श्वानों की नसबंदी के साथ उनके स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और ऑपरेशन के बाद देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। एबीसी केंद्र में नसबंदी के बाद श्वानों को निर्धारित अवधि तक स्वास्थ्य लाभ और संक्रमण से बचाव के लिए रखा जाता है। इसके बाद उन्हें उसी स्थान पर छोड़ा जाता है, जहां से पकड़ा गया था। मोबाइल ऐप के माध्यम से उनकी तस्वीर और स्थान का रिकॉर्ड भी रखा जाता है। उन्होंने अधिकारियों को बीमार और घायल श्वानों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
.jpeg)
शर्मा ने लखनऊ नगर निगम की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी सर्वोच्च न्यायालय में भी सराहना हुई है और अन्य राज्यों को इसका अध्ययन करने के लिए कहा गया है। उन्होंने इस मॉडल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया, ताकि दूसरे शहर भी पशु कल्याण और नागरिक सुरक्षा के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित कर सकें।
लखनऊ को वैश्विक शहर बनाने का लक्ष्य
मंत्री ने कहा कि लखनऊ अपनी तहजीब, अदब और सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। ‘मुस्कुराइए, आप लखनऊ में हैं’ शहर की आत्मीयता का प्रतीक है। अब शहर को स्वच्छता, सुविधाओं और नागरिकों के साथ पशुओं की देखभाल के मामले में विश्व के श्रेष्ठ रहने योग्य शहरों की श्रेणी में लाने का लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लखनऊ ऐसा शहर बने, जो स्वच्छ, सुविधाजनक और संवेदनशील हो।
.jpeg)
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम वैज्ञानिक पद्धति और मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर निराश्रित श्वानों की समस्या का व्यवस्थित समाधान करने के साथ नागरिकों की सुरक्षा के लिए काम कर रहा है। एबीसी केंद्र में नसबंदी, स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और ऑपरेशन के बाद देखभाल की सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है।
गो आश्रय स्थल का भी किया निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद मंत्री ए.के. शर्मा और महापौर सुषमा खर्कवाल ने जरहरा स्थित गो आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। मंत्री ने गायों को गुड़ खिलाया और गोवंश के संरक्षण व देखभाल पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को आश्रय स्थल में पर्याप्त चारा, स्वच्छता, पेयजल और जरूरी चिकित्सीय सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त अरविंद कुमार राव, पार्षद कल्पना वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


Comments