नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
असम के श्रीभूमि में लाचित बरफुकन और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं का अनावरण
कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने किया अनावरण, आतिशबाजी के साथ हुआ स्वागत; दोनों समारोहों में उमड़ी भारी भीड़ मंत्री-विधायकों सहित गणमान्य लोगों ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक किया नमन
श्रीभूमि संवाददाता: स्वतंत्र प्रभात :
असम के श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र में 30 अक्टूबर शुक्रवार को दो महान विभूतियों की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। असम सरकार के कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने जिले के आनिपुर तिराहे पर महान अहोम सेनापति लाचित बरफुकन तथा रामकृष्णनगर ब्लॉक रोड के निकट भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न से सम्मानित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। दोनों समारोहों में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर जनस्वास्थ्य तकनीकी मंत्री कृष्णेंदु पाल, रामकृष्णनगर के विधायक विजय मालाकार, विधायक कमलाक्ष दे पुरकायस्थ, पूर्व राज्यसभा सांसद मिशन रंजन दास, शिलचर के पूर्व विधायक दीपायन चक्रवर्ती, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुब्रत भट्टाचार्य तथा श्रीभूमि जिला भाजपा अध्यक्ष संजीव बनिक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सभी ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। मंत्री पीयूष हजारिका के आनिपुर पहुंचने पर दुल्लभछड़ा मंडल भाजपा के कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद रामकृष्णनगर ब्लॉक रोड स्थित कार्यक्रम में विधायक विजय मालाकार ने मंत्री पीयूष हजारिका और मंत्री कृष्णेंदु पाल को पुष्पगुच्छ एवं पारंपरिक उत्तरीय भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में रामकृष्णनगर क्षेत्र में भाजपा से जुड़े रहे पुराने कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। स्थानीय बाल कलाकारों ने सामूहिक गीत प्रस्तुत कर समारोह को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।
विधायक विजय मालाकार ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्श आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन और समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित करना उनका पुराना सपना था, जो आज साकार हुआ है। इसके लिए उन्होंने मंत्री पीयूष हजारिका के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में मंत्री पीयूष हजारिका ने लाचित बरफुकन को असम के इतिहास का महान योद्धा बताते हुए उनके शौर्य, नेतृत्व और असमिया स्वाभिमान के प्रति योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि लाचित बरफुकन ने मुगल सेना के विरुद्ध अदम्य साहस का परिचय दिया था। वहीं, अटल बिहारी वाजपेयी को महान विचारक, दूरदर्शी नेता और प्रेरणादायक व्यक्तित्व बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके आदर्श आज भी देशवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हैं।
मंत्री ने इस दिन को अपने लिए महत्वपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में केंद्र तथा राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने सड़क संपर्क, किसानों को आर्थिक सहायता, अरुणोदय योजना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की पहल पर भी प्रकाश डाला।
मंत्री कृष्णेंदु पाल ने अटल बिहारी वाजपेयी को आदर्शवादी और दूरदर्शी व्यक्तित्व बताते हुए भारतीय जनता पार्टी की स्थापना तथा उसके विकास में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वाजपेयी के नेतृत्व में देश के विकास को नई दिशा मिली। साथ ही उन्होंने लाचित बरफुकन के साहस और ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्हें असम के गौरव का प्रतीक बताया। अपने संबोधन में उन्होंने सड़क संपर्क, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा अन्य विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
उल्लेखनीय है कि मंत्री पीयूष हजारिका अपने तीन दिवसीय बराक घाटी दौरे के तहत 29 अक्टूबर गुरुवार को पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने काछार और हैलाकांडी जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। शुक्रवार को श्रीभूमि जिले के निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद उन्होंने रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित दोनों प्रतिमा अनावरण समारोहों में भाग लिया।
दोनों प्रतिमाओं के अनावरण के साथ ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विजय मालाकार #SwatantraPrabhat मिशन रंजन दास कृष्णेंदु पाल रामकृष्णनगर विधानसभा श्रीभूमि असम संजीव बनिक सुब्रत भट्टाचार्य लाचित बरफुकन प्रतिमा अनावरण अटल बिहारी वाजपेयी प्रतिमा पीयूष हजारिका कमलाक्ष दे पुरकायस्थ दीपायन चक्रवर्ती आनिपुर तिराहा रामकृष्णनगर ब्लॉक रोड असम की ऐतिहासिक विरासत अहोम सेनापति लाचित बरफुकन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भारत रत्न सम्मानित नेता बराक घाटी दौरा असम विकास योजनाएं अरुणोदय योजना Sribhumi News Assam Lachit Borphukan Statue Atal Bihari Vajpayee Statue


Comments