नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर डीएम सख्त, मतदान में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा मतदान, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराने के निर्देश
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र,/उत्तर प्रदेश-
वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की उपस्थिति में पुलिस लाइन परिसर में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने तथा मतदान के दिन पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने बताया कि मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों को कलेक्ट्रेट परिसर से निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया जाएगा।
उन्होंने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित मतदेय स्थलों का पहले से निरीक्षण करने और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। मतदान के दिन सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर मतदान प्रक्रिया की निगरानी करेंगे और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।
100 मीटर की परिधि में प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मतदेय स्थलों के आसपास निर्धारित 100 मीटर की परिधि में लागू प्रतिबंधों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अनदेखी या ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों पर पहुंचने के बाद पोलिंग पार्टियां किसी भी प्रकार का अनधिकृत आतिथ्य, स्वागत-सत्कार अथवा अनुचित सुविधा स्वीकार न करें, ताकि निर्वाचन की निष्पक्षता बनी रहे।
कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
निर्वाचन प्रक्रिया की सतत निगरानी के लिए कंट्रोल रूम के माध्यम से मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन संबंधी सूचनाओं का समय से आदान-प्रदान करेंगे, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी पुलिसकर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में सतर्कता के साथ ड्यूटी करें और लगातार भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक मेविस टाक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला सहित संबंधित जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


Comments