जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विकासखंड स्तर पर लगेंगे विशेष शिविर
पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर रहेगा विशेष जोर
फिरोजाबाद।
जनपद में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आमजन की समस्याओं एवं कठिनाइयों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी विकासखंड स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के दौरान कुछ बिंदुओं पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जनपद के सभी विकासखंडों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करना तथा योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लोगों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना है।शिविरों के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराएंगे। साथ ही योजनाओं के सकारात्मक पहलुओं एवं पात्रता की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया जाएगा। ऐसे पात्र व्यक्ति, जिन्हें अभी तक किसी योजना का लाभ नहीं मिल सका है, उन्हें चिन्हित कर उनका विवरण पंजिका में दर्ज किया जाएगा और पात्रता के अनुसार लाभ दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों को भी शिविरों में आमंत्रित किया जाएगा, ताकि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके और अधिक से अधिक पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से जुड़ सकें।

इन तिथियों में लगेंगे शिविर
- टूण्डला — 24 अगस्त 2026
- नारखी — 24 अगस्त 2026
- जसराना — 25 अगस्त 2026
- एका — 25 अगस्त 2026
- फिरोजाबाद — 25 अगस्त 2026
- शिकोहाबाद — 27 अगस्त 2026
- हाथवंत — 27 अगस्त 2026
- अरांव — 29 अगस्त 2026
- मदनपुर — 29 अगस्त 2026
इन योजनाओं पर रहेगा विशेष फोकस
विशेष शिविरों में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, दिव्यांग पेंशन योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान योजना, स्वच्छ भारत मिशन योजना के अंतर्गत शौचालय, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना एवं जल जीवन मिशन सहित प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिविरों में आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।
Read More प्रयागराज मण्डल में एक स्टेशन एक उत्पाद के तहत स्टाल के लिए दिव्यांगजनों को मिलेगी प्राथमिकता।जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, फिरोजाबाद को निर्देशित किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारियों से शिविरों के आयोजन की आख्या निर्धारित प्रारूप पर प्राप्त कर संकलित सूचना 31 अगस्त 2026 तक मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रेषित करना सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे तथा पात्र लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


Comments