उन्नाव में सरैयां क्रॉसिंग 36 घंटे बंद रहेगी, मरहला चौराहे से डायवर्ट होगा ट्रैफिक

शहर के बैराज मार्ग स्थित सरैयां रेलवे क्रॉसिंग पर 36 घंटे तक आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के कार्य के चलते रेलवे ने ब्लॉक लिया है। इस दौरान वाहनों के साथ राहगीरों की आवाजाही भी रोकी जाएगी।

Swatantra Prabhat Picture
Published On

उन्नाव। शहर के बैराज मार्ग स्थित सरैयां रेलवे क्रॉसिंग पर 36 घंटे तक आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के कार्य के चलते रेलवे ने ब्लॉक लिया है। इस दौरान वाहनों के साथ राहगीरों की आवाजाही भी रोकी जाएगी।
 
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार प्रतिबंध 24 अगस्त सुबह 8 बजे से 25 अगस्त रात 8 बजे तक लागू रहेगा।
 
रेलवे ट्रैक के ऊपर लॉन्च होंगे गर्डर
 
उत्तर रेलवे की ओर से आरओबी के रेलवे हिस्से में गर्डर लॉन्चिंग का काम कराया जाएगा। इसमें नॉन-ट्रैक स्पैन के कंपोजिट गर्डरों को स्थापित किया जाना है। काम के दौरान भारी मशीनरी और क्रेन का इस्तेमाल होगा। सुरक्षा को देखते हुए क्रॉसिंग को पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
 
मरहला चौराहे से लागू होगा डायवर्जन
 
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मरहला चौराहे के पास से डायवर्जन लागू किया जाएगा। बैराज मार्ग की ओर आने-जाने वाले वाहनों को 39 नंबर रेलवे क्रॉसिंग सहजनी की ओर से गुजारा जाएगा। इससे सरैयां क्रॉसिंग पर भीड़ कम करने और निर्माण कार्य को सुरक्षित तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी।
 
पुलिस बल और बैरिकेडिंग रहेगी
 
उत्तर रेलवे के उप मुख्य अभियंता निर्माण-चतुर्थ, लखनऊ ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर यातायात प्रतिबंध लागू कराने और आवश्यक पुलिस बल तैनात करने का अनुरोध किया है। क्रॉसिंग बंद रहने के दौरान बैरिकेडिंग के साथ पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। डायवर्जन वाले मार्गों पर भी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
 
लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
 
रेलवे और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि 24 अगस्त सुबह 8 बजे से 25 अगस्त रात 8 बजे तक सरैयां रेलवे क्रॉसिंग की ओर जाने से बचें। निर्धारित डायवर्जन मार्ग का इस्तेमाल करें। अधिकारियों के मुताबिक आरओबी का निर्माण पूरा होने के बाद रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार