सड़क सुरक्षा को लेकर पूरे जिले में चला विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को पूरे जनपद में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया।

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात संवाददाता 
 
बलरामपुर, 20 अगस्त।
 
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को पूरे जनपद में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले की सभी तहसीलों के प्रमुख चौराहों, मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर वाहन चालकों और आमजन को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी दी गई। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई भी की गई।
 
इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने वीर विनय चौराहे पर पहुंचकर वाहन चालकों एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का प्रयोग करने की अपील की। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई।
 
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने, बिना नंबर प्लेट वाहन संचालित करने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाया कि यातायात नियमों का पालन महज चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
 
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। छोटी सी लापरवाही कई बार गंभीर सड़क हादसे का कारण बन जाती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें तथा परिवार के सभी सदस्यों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
 
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान के साथ-साथ प्रवर्तन की कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित लेन और गति सीमा का पालन करने तथा एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन वाहनों को तत्काल रास्ता देने की अपील की।
 
जनपद की सभी तहसीलों में संबंधित अधिकारियों द्वारा भी अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान लोगों को सुरक्षित वाहन संचालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा सड़क पर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।
 
अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रशासन, पुलिस और आमजन को मिलकर प्रयास करना होगा। यातायात नियमों का नियमित पालन ही सुरक्षित सफर की सबसे मजबूत गारंटी है। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को जन-आंदोलन का रूप देते हुए दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली जनहानि को न्यूनतम करना है।
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार