टूण्डला नगर रामलीला महोत्सव के लिए राघवेन्द्र सिंह धाकरे ‘रघू’ बने अध्यक्ष, जल्द घोषित होगी नई कार्यकारिणी
नगरवासियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सर्वसम्मति से राघवेन्द्र सिंह धाकरे ‘रघू धाकरे' को नगर रामलीला कमेटी का अध्यक्ष मनोनीत किया
विवेक शर्मा संवाददाता टूण्डला
टूण्डला।
नगर के प्राचीन शिव समाधि मंदिर में शुक्रवार शाम नगर रामलीला महोत्सव के आयोजन को लेकर नगरवासियों एवं गणमान्य नागरिकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में इस वर्ष रामलीला महोत्सव को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में उपस्थित नगरवासियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सर्वसम्मति से राघवेन्द्र सिंह धाकरे ‘रघू’ को नगर रामलीला कमेटी का अध्यक्ष मनोनीत किया। इसके साथ ही शशांक प्रताप सिंह को महामंत्री, आशू परमार को कोषाध्यक्ष तथा रिषी यादव एवं बंटी चौधरी को सदस्य बनाया गया।

नवनियुक्त पदाधिकारियों का उपस्थित लोगों ने स्वागत करते हुए उन्हें रामलीला महोत्सव के सफल आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी। बैठक में रामलीला महोत्सव की तैयारियों, कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने तथा नगरवासियों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई। नवनियुक्त अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह धाकरे ‘रघू’ ने कहा कि नगर की जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी रामलीला महोत्सव को बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी वर्गों के लोगों का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रामलीला कमेटी की नई कार्यकारिणी की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
कार्यकारिणी में नगर के सक्रिय एवं जिम्मेदार लोगों को शामिल कर उन्हें अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि महोत्सव का आयोजन बेहतर ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने कहा कि रामलीला महोत्सव नगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे भव्य स्वरूप देने के लिए सभी मिलकर सहयोग करेंगे।बैठक के दौरान नवगठित कमेटी के पदाधिकारियों ने आयोजन को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।


Comments