स्मार्ट मीटर के बाद भी बिजली सेवा में नहीं आया ‘स्मार्ट’ बदलाव

भीषण गर्मी में दुल्लभछड़ा के ग्रामीण लोग परेशान

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

श्रीभूमि : श्रीभूमि जिले के रामकृष्ण नगर विधानसभा क्षेत्र के दुल्लभछड़ा से सटे आदर्श कृष्णनगर, ग्राम छनटिला और कालाछड़ा सहित विभिन्न ग्रामीण इलाकों में विभाग के द्वारा पुराने बिजली मीटरों को बदलकर नए स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बावजूद बिजली सेवा में अपेक्षित सुधार नहीं होने का आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया है। मीटर बदलने के बाद भी पहले की तरह लगातार बिजली कटौती और लोडशेडिंग से आम जनता परेशान है।
 
भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने से क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की समस्याएं और बढ़ गई हैं। बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण घरेलू जीवन प्रभावित होने के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति, व्यापार-व्यवसाय और रोजमर्रा के कामकाज पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
 
स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बावजूद बिजली आपूर्ति में लगातार अनियमितता क्यों बनी हुई है, इसे लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि लंबे समय से लोडशेडिंग की समस्या बनी हुई है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभाग और अधिकारियों की ओर से कोई प्रभावी पहल नजर नहीं आ रही है। बार-बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद स्थिति में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ है।
 
इधर, भीषण गर्मी के दौरान लगातार बिजली कटौती से आम लोगों की परेशानी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि बिजली कटौती के वास्तविक कारणों की तत्काल पहचान कर नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। इस परिस्थिति में दुल्लभछड़ा तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र हस्तक्षेप और आवश्यक कार्रवाई करने के लिए भुक्तभोगी आम लोगों ने जिला उपायुक्त (डीसी) का ध्यान आकर्षित किया है।

About The Author

Post Comments

Comments