कांवड़ यात्रा से लौटकर मूर्ति विसर्जन करने गया युवक यमुना में डूबा
मौत से परिवार में मचा कोहराम
नैनी, प्रयागराज। सावन के अंतिम दिनों में कांवड़ यात्रा से लौटे 21 वर्षीय युवक की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसा नैनी थाना क्षेत्र के महेवा घाट पर मंगलवार को हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।महेवा क्षेत्र निवासी रोहित ताड़माली ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पिता कंचन ताड़माली महेवा में सब्जी की दुकान लगाते हैं। परिजनों के अनुसार रोहित अपने दोस्तों के साथ डीजे पर भगवान शिव की मूर्ति स्थापित कर काशी विश्वनाथ, वाराणसी तक कांवड़ यात्रा पर गया था।
सोमवार को कांवड़ यात्रा से वापस लौटने के बाद मंगलवार 18 अगस्त को करीब 10 बजे रोहित अपने साथियों के साथ भगवान शिव की मूर्ति विसर्जित करने महेवा घाट पहुंचा। मूर्ति विसर्जन के दौरान वह साथियों के साथ यमुना नदी में उतर गया। कुछ दूर तैरकर आगे जाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।रोहित को डूबता देखकर उसके साथियों और घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एनडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से यमुना में युवक की तलाश शुरू कराई। कड़ी मशक्कत के बाद रोहित को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे महेवा क्षेत्र में शोक का माहौल है।


Comments