बैठक में जा रहे किसान यूनियन कार्यकर्ताओं से मारपीट, महिलाओं से छेड़खानी

......महिलाओं के जेवर और नकदी छीनने का भी आरोप, नाराज कार्यकर्ताओं ने निगोहां थाने में दिया धरना

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

निगोहां। भारतीय किसान यूनियन भानु गुट की मासिक बैठक में शामिल होने जा रहे कार्यकर्ताओं के साथ शुक्रवार को मेहंदौली के पास मारपीट का मामला सामने आया। आरोप है कि रास्ता देने को लेकर हुए विवाद के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़खानी की। महिलाओं के जेवर और नकदी छीनने का भी आरोप लगाया गया है। घटना से नाराज किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने निगोहां थाने पहुंचकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
 
किसान नेता पिंटू के मुताबिक, शुक्रवार सुबह वह करीब एक दर्जन महिलाओं और पांच पुरुष कार्यकर्ताओं के साथ डाला वाहन से मोहनलालगंज ब्लॉक में आयोजित यूनियन की मासिक बैठक में शामिल होने जा रहे थे। मेहंदौली के पास सड़क किनारे एक डीसीएम खड़ा था। आरोप है कि डाला वाहन पहुंचने पर चालक ने डीसीएम सड़क पर खड़ा कर रास्ता रोक दिया। रास्ता देने के लिए कहने पर डीसीएम चालक देशराज ने विवाद शुरू कर दिया और मारपीट करने लगा।
 
आरोप है कि इसी दौरान शुभम और अंबर नाम के दो युवक भी मौके पर पहुंच गए और महिलाओं के साथ अभद्रता, छेड़खानी व मारपीट करने लगे। किसान नेता का आरोप है कि चालक ने फोन कर अपने गांव से 15 से 20 लोगों को बुला लिया। कुछ ही देर में लाठी-डंडे और सरिया लेकर पहुंचे लोगों ने किसान यूनियन कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट शुरू कर दी।
 
मारपीट में मंजू, रोशनी और सावित्री घायल हो गईं। तीनों को उपचार के लिए सीएचसी मोहनलालगंज भेजा गया। तहरीर में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र, कान की एक झुमकी और दो महिलाओं से नकदी छीनने का भी आरोप लगाया गया है।
 
घटना के बाद बड़ी संख्या में किसान यूनियन कार्यकर्ता निगोहां थाने पहुंच गए और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस के मुताबिक, तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें