मीनापुर में किसान के घर धावा, लाखों के जेवरात व नकदी चोरी

.......परिजनों ने करीब 40 लाख रुपये के सामान चोरी होने का किया दावा, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के मीनापुर गांव में बुधवार रात बेखौफ चोरों ने किसान के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पार कर दी। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। गुरुवार तड़के करीब 4:30 बजे घर का दरवाजा खुलने पर चोरी की जानकारी हुई। घर में सामान बिखरा मिलने और कमरों की कुंडी टूटी देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया।
 
मीनापुर निवासी जितेन्द्र यादव पुत्र अवधेश यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे उनकी भाभी ने घर का दरवाजा खोला तो छत में लगी खिड़की टूटी मिली। अंदर जाकर देखा तो दो कमरों की कुंडी कटी हुई थी। अलमारी में रखे चांदी के जेवरात और करीब 10 हजार रुपये की नकदी गायब थी। कमरों में सामान भी बिखरा पड़ा था।
 
परिजनों का दावा है कि चोरी गए जेवरात और अन्य सामान की कीमत करीब 40 लाख रुपये है। हालांकि चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत पुलिस की जांच और सत्यापन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
 
मीनापुर में किसान के घर धावा, लाखों के जेवरात व नकदी चोरी
 
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस के आला अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली। एसीपी मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह अवकाश पर होने के बावजूद मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम को जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए।
 
मीनापुर में किसान के घर धावा, लाखों के जेवरात व नकदी चोरी
 
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसीपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़ित परिवार से चोरी हुए जेवरात और अन्य सामान की जानकारी ली जा रही है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
 
चौकी पुलिस की गश्त पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों ने सिसेंडी चौकी पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए। इतनी बड़ी चोरी की वारदात से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें