सचिवालय होगा आधुनिक और स्वच्छ, पत्रावलियों का होगा डिजिटलीकरण
मुख्य सचिव ने सभी अनुभागों में पत्रावलियों और अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए।
लखनऊ, 18 अगस्त।
मुख्य सचिव श्री एसपी गोयल ने मंगलवार को सचिवालय परिसर के विभिन्न भवनों में कार्यालय कक्षों, प्रतीक्षा कक्षों और सभाकक्षों के आधुनिकीकरण, सिविल एवं विद्युत कार्यों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सचिवालय की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित, आधुनिक और स्वच्छ बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी अनुभागों में पत्रावलियों और अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए। पुराने रजिस्टर, निष्प्रयोज्य अभिलेख और अनुपयोगी सामग्री की नियमानुसार छंटाई कर निस्तारण कराने को कहा, ताकि कार्यालयों में अनावश्यक सामग्री का जमाव न हो और पर्याप्त कार्यस्थल उपलब्ध रहे।
उन्होंने कहा कि जिन पत्रावलियों का अभी तक डिजिटलीकरण नहीं हुआ है, उनका समयबद्ध तरीके से डिजिटलीकरण कराया जाए। इससे अभिलेख सुरक्षित रखने के साथ जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
सभाकक्षों में होगी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा
मुख्य सचिव ने सचिवालय के सभी सभाकक्षों और बैठक कक्षों को आधुनिक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक सभाकक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बैठकों और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को तकनीक के माध्यम से अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने सचिवालय के विभिन्न भवनों में पड़ी निष्प्रयोज्य सामग्री का नियमानुसार निस्तारण कराने तथा ऐसी सामग्री की पारदर्शी तरीके से ई-नीलामी कराने के निर्देश दिए।
स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्य सचिव ने कार्यालय परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नियमित साफ-सफाई के साथ शौचालयों की विशेष सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सचिवालय परिसर के कार्यालयों और सार्वजनिक उपयोग वाले स्थानों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने को कहा।
विद्युत एवं तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने दीवारों और खंभों पर फैले तारों को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे परिसर की सुरक्षा के साथ-साथ सौंदर्यीकरण भी बेहतर होगा।
बैठक में अपर मुख्य सचिव ऊर्जा डॉ. आशीष कुमार गोयल, प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन मनीष चौहान, प्रमुख सचिव लोक निर्माण अजय चौहान सहित सचिवालय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


Comments