सोनभद्र में चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ का खतरा, 29-30 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका
जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ की बैठक, सतर्कता और बचाव की तैयारियां सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सोनभद्र/उत्तर प्रदेश।
बंगाल की खाड़ी में विकसित चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के प्रभाव से सोनभद्र सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं, मेघगर्जन, वज्रपात और भारी से बहुत भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। मंगलवार, 27 अक्टूबर को जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर आपदा पूर्व तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अक्टूबर को मेघगर्जन एवं वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने तथा झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, 29 और 30 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अपनी तैयारियां तत्काल पूरी करने, क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही मौसम संबंधी चेतावनियों एवं सुरक्षा उपायों का जनसामान्य के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी संभावित घटना से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
जनपदवासियों से सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, होर्डिंग और जर्जर भवनों से दूर रहने तथा आकाशीय बिजली चमकने पर खुले मैदान, खेत, नदी, तालाब एवं अन्य जलस्रोतों के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है। बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे आश्रय लेने से भी बचने को कहा गया है।
निचले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों तथा नदी-नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। किसानों को पकी हुई फसलों और खुले में रखे कृषि उत्पादों को सुरक्षित रखने तथा खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल अधिकृत मौसम एवं प्रशासनिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05444-297645 अथवा आपदा हेल्पलाइन 1077 पर सूचना देने को कहा गया है।प्रशासन ने लोगों से स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की अपील की है।सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।


Comments