फीचर्ड
राजनीति
भारत
सुरक्षित बचपन ही सुनहरे भविष्य की आधारशिला: सिविल जज नंदिता कला Bसरस्वती विद्या मंदिर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर, पुलिस ने बताये सुरक्षा के गुर
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सितारगंज में बुधवार को विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
सितारगंज। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सितारगंज में बुधवार को विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि सिविल जज जूनियर डिवीजन नंदिता कला ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सुरक्षित बचपन ही सुनहरे भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने छात्राओं को गुड टच-बैड टच, अपने साथ होने वाले दुर्व्यवहार और उसके कानूनी उपचारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को अपने आसपास समाज में बढ़ते अपराधों से दूरी बनाकर अपनी शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर निडर होकर अपनी बात रखनी चाहिए।
कोतवाली सितारगंज के प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा ने बच्चों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बच्चों की शंकाओं का समाधान करते हुए बताया कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में वे पुलिस द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल कर सकते हैं। उनकी सूचना पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस साइबर क्राइम से सुरक्षा, नशा तस्करी, चोरी, पारिवारिक हिंसा और सामाजिक अशांति को रोकने के लिए हर स्तर पर काम कर रही है। सभी छात्र-छात्राएं अपने अध्यापकों के माध्यम से भी गोपनीय रूप से आपराधिक सूचना पुलिस तक पहुंचा सकते हैं।
एसएसआई बबीता ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न टोल फ्री नंबरों, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन और आपराधिक प्रवृत्तियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से हर समय अनुशासित रहकर ट्रैफिक नियमों का पालन करने और एक अच्छा विद्यार्थी बनने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य निरंजन सिंह ने कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज प्रत्येक सरकारी व गैर सरकारी सामाजिक जन-जागरूकता कार्यक्रमों में अपना सक्रिय योगदान देता है। विद्यालय प्रतिदिन भैया-बहनों को आपराधिक प्रवृत्तियों से दूर रहते हुए शिक्षा ग्रहण कर एक अच्छा नागरिक बनकर राष्ट्र विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता अनंत प्रकाश शुक्ला ने की। इस अवसर पर ज्योति शर्मा, कोतवाली पुलिस स्टाफ, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी, अधिवक्तागण, विद्यालय का समस्त स्टाफ और 759 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सामाजिक कार्यकर्ता बीनू साहू द्वारा छात्र-छात्राओं को जूस वितरित किया गया।


Comments