अक्टूबर में हल्की बारिश नहीं होने से धान की फसल पर संकट, किसानों की बढ़ी चिंता

ऊपरी जमीन पर लगी धान की फसल को नुकसान की आशंका, किसानों ने जताई चिंता

हर्षिता यादव  Picture
Published On

पाकुड़िया, पाकुड़, झारखंड:- पाकुड़िया प्रखंड के लागडुम, धावाडंगाल सहित विभिन्न सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में अक्टूबर महीने में हल्की बारिश नहीं होने से धान की फसल पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। विशेषकर ऊपरी भूमि पर लगी धान की फसल को नुकसान होने की संभावना से किसान चिंतित हैं।
 
बताया जाता है कि वर्ष 2026 में प्रशांत महासागर में अल-नीनो के प्रभाव के कारण देश के विभिन्न राज्यों की तरह झारखंड में भी मानसूनी बारिश देर से और कृषि के अनुकूल नहीं होने से खेती प्रभावित हुई है। इसका असर पाकुड़ जिले के पाकुड़िया प्रखंड के कई ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिला। धावाडंगाल सहित अन्य गांवों में ऊपरी जमीन पर धान की रोपनी कम हुई। वहीं, अब अक्टूबर महीने में हल्की बारिश नहीं होने से खेतों में लगी फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।
 
पाकुड़िया प्रखंड के किसान रजनीस हांसदा, सुरेन्द्र नाथ मुर्मू, अल्फ्रेड मुर्मू, रामजीत रविदास, कार्तिक भगत, नीविर घोष, दीपेन बास्की, कालीदास टुडू, सनातन मुर्मू, सोदा किस्कू, सोलेमान किस्कू, जितेन मुर्मू और दिलीप साह सहित अन्य किसानों ने कहा कि अक्टूबर महीने में धान की फसल के लिए हल्की बारिश की अत्यधिक आवश्यकता है। बारिश नहीं होने पर धान की पैदावार प्रभावित होगी और ऊपरी खेतों में लगी फसल को विशेष नुकसान पहुंच सकता है।
 
किसानों का मानना है कि यदि इन दिनों हल्की बारिश हो जाती है, तो धान की फसल को राहत मिलने के साथ रबी और सब्जियों की खेती को भी बढ़ावा मिलेगा। पानी की कमी के कारण कई स्थानों पर किसान पंप सेट से सिंचाई करते देखे जा रहे हैं।
 
उपलब्ध वर्षापात के आंकड़ों के अनुसार, 30 जून को 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी, जबकि 26 सितंबर 2026 तक कुल 741 मिलीमीटर वर्षा हुई। इस दौरान सर्वाधिक 66.4 मिलीमीटर बारिश 4 अगस्त को दर्ज की गई।
 
किसानों ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि अब हल्की बारिश होती है, तो विशेषकर ऊपरी भूमि पर रोपी गई धान की फसल को बचाने में मदद मिलेगी। किसानों के अनुसार, फिलहाल निचली भूमि के खेतों में नमी बनी हुई है। वहां फसल को बचाने के लिए सिंचाई भी की जा रही है।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें