हजारीबाग एसपी ने किया दारू थाना का निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश

अवैध मादक पदार्थों, बालू और कोयला तस्करी पर रोक लगाने के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने पर जोर

हर्षिता यादव  Picture
Published On

हजारीबाग, झारखंड:- पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग ने मंगलवार को दारू थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था, लंबित मामलों के अनुसंधान और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान विष्णुगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फौजन अहमद, सीसीआर हजारीबाग के पुलिस उपाधीक्षक मो. अरमानुल हक, दारू अंचल के पुलिस निरीक्षक विमल लकड़ा तथा दारू थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
 
पुलिस अधीक्षक ने थाना में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न संचिकाओं का जायजा लिया। साथ ही लंबित कांडों, वारंट और कुर्की से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने थाना क्षेत्र में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को भी कहा। अवैध मादक पदार्थों से संबंधित लंबित मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा नशे के दुष्प्रभावों को लेकर आम लोगों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया।
 
इसके अलावा अवैध बालू, कोयला और अन्य प्रकार की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने थाना में अनुसंधान के लिए लंबित सभी कांडों की समीक्षा कर उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम जनता और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय एवं संबंध स्थापित करने का भी निर्देश दिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य थाना की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाना, अपराध पर नियंत्रण स्थापित करना तथा आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराना रहा।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें